वाराणसी। हबीबगंज से दरभंगा जा रही ट्रेन सोमवार को अपने निर्धारित समय से 8 घंटे की देरी से शाम 5 बजे मंडुवाडीह स्टेशन पहुंची। भूख प्यास से बेहाल श्रमिक स्टेशन पर भोजन देखते ही टूट पड़े। सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाकर रख दी गई। किसी तरह आरपीएफ और जीआरपी के जवानों में स्थिति को नियंत्रित किया। 02135 श्रमिक स्पेशल ट्रेन 24 मई की रात 10 बजे हबीबगंज स्टेशन से खुली। प्रयागराज होते हुए ट्रेन को सुबह 9.30 बजे मंडुवाडीह स्टेशन पहुंचना था। लेकिन लेटलतीफी के चलते यह ट्रेन लगभग 8 घंटे बाद मंडुवाडीह स्टेशन पर पहुंची। 10 से 12 घंटे से यात्रियों को भोजन व पानी नहीं दिया गया। कई बार रेल अधिकारियों को ट्वीट भी किया। दरभंगा तक की सफर कर रहे यात्री बबलू खान ने बताया की हबीबगंज से ट्रेन खुली तो उसके बाद पानी तक किसी स्टेशनों पर नहीं दिया गया। 1 घंटे ट्रेन चले तो 2 घंटे खड़ी हो जाए। टॉयलेट तक में पानी नहीं रहा। गर्मी इतनी रही कि रुमाल गिलाकर सिर पर रखना पड़ा।