वाराणसी। सबकुछ ठीक ठाक रहा तो एक जून से उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की सेवाएं शुरू हो जाएंगी। इसकी तैयारियों के लिए रोडवेज वाराणसी परिक्षेत्र को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। वाराणसी परिक्षेत्र की 8 डिपो सहित क्षेत्रीय कार्यशाला को भी यात्री सुविधाओं और बसों की मरम्मत आदि से जुड़ी तैयारियों के लिए कहा गया है। वाराणसी परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक एसके राय ने बताया कि अभी बस संचालन को लेकर कोई आदेश नहीं आया है। हालांकि निर्देशित किया गया है कि अपनी तैयारी पूरी रखें। संभवत: एक दो दिन में आदेश आ जाएगा। बगैर मास्क व गमछा के यात्रियों को बसों में नहीं बैठने दिया जाएगा। बस स्टेशन से निकलने के दौरान और आने पर कार्यशाला में बसों को सैनिटाइज किया जाएगा। अन्य गाइड लाइन जैसा आएगा उसका पालन किया जाएगा।