वाराणसी में वीवीआईपी आगमन के मद्देनजर ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया गया है। यहां छह घंटे तक मैदागिन-गोदौलिया के बीच नो-एंट्री है। कैंट रेलवे स्टेशन से बीएचयू जाने वाले ऑटो और ई-रिक्शे लहरतारा-भिखारीपुर मार्ग से जा रहे हैं।
वीवीआईपी आगमन के मद्देनजर शहर की यातायात व्यवस्था बृहस्पतिवार को बदली गई है। सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक मैदागिन से गोदौलिया के बीच सभी वाहनों की आवाजाही बंद है। कई प्रमुख मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शों के संचालन पर रोक लगाई गई है। कार्यक्रम स्थल रुद्राक्ष की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है।
विज्ञापन
एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा ने बताया कि वीवीआईपी आगमन के दौरान मैदागिन चौराहे से गोदौलिया चौराहे के बीच किसी भी वाहन को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। पुलिस लाइन-रथयात्रा, महमूरगंज-सिगरा, तेलियाबाग-विशेश्वरगंज और इंग्लिशिया लाइन-मलदहिया मार्ग पर सुबह नौ से दोपहर तीन बजे तक ऑटो और ई-रिक्शे नहीं चलाए जा रहे। कैंट रेलवे स्टेशन से बीएचयू जाने वाले ऑटो और ई-रिक्शे लहरतारा-भिखारीपुर मार्ग से जा रहे हैं।
अमर उजाला तिराहे से लहुराबीर और मैदागिन की ओर जाने वाले चार पहिया वाहन, टेंपो और बसों को लकड़ीमंडी-गोलगड्डा की ओर मोड़ा जा रहा है। विशेश्वरगंज तिराहे से मैदागिन की ओर चार पहिया वाहनों की रोक वीवीआईपी आगमन से दो घंटे पहले लागू होगी। वाहनों को गोलगड्डा भेजा जाएगा। इंग्लिशिया लाइन से यातायात को लहरतारा, मंडुवाडीह और महमूरगंज की ओर डायवर्ट किया जाएगा। रुद्राक्ष की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
विज्ञापन
भारी वाहनों और बसों पर भी रोक
राजघाट पुल और सूजाबाद की ओर से मालवाहक वाहनों का संचालन सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक बंद रहेगा। दोपहर एक बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक चांदपुर पुलिस चौकी चौराहे से एयरपोर्ट तिराहे की ओर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित है। इन्हें बड़ागांव की ओर भेजा जाएगा। हरहुआ ओवरब्रिज पर दोपहर एक बजे से रोडवेज बसों का प्रवेश बंद रहेगा।