बलिया जनपद के चितबड़ागांव में नगर पंचायत चेयरमैन केसरी नंदन त्रिपाठी के विरोध में मंगलवार सुबह से ही व्यापारी अपनी दुकान बंद रखे हैं। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष हरिनारायण चौरसिया और सपा नेता प्रदीप गुप्ता के नेतृत्व में सभी व्यापारियों ने मुख्य बाजार में दुकान बंद कर विरोध जता रहे हैं। व्यापारियों की बंदी से शहीद स्मारक के सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर शुरू हुआ विवाद गहराने लगा है।
जमीन पर अतिक्रमण की बात कह कर रोका कार्य
नगर पंचायत स्थित राष्ट्रीय धरोहर शहीद स्मारक का सौंदर्यीकरण कार्य शुरू होने के साथ ही विवाद शुरू हो गया था। शुक्रवार को कार्य शुरू होते ही आसपास के दुकानदारों ने हस्तक्षेप कर दिया था। अपनी जमीन पर अतिक्रमण बताकर काम को रोक दिया था। चेयरमैन केसरी नंदन त्रिपाठी के साथ तूतू-मैं मैं भी हुई थी। रविवार शाम को व्यापारियों ने बैठक के बाद जुलूस निकाला था और चेयरमैन के खिलाफ नारेबाजी की।
मंगलवार को बाजार बंद करने की चेतावनी दी थी। मंगलवार को चितबड़ागांव के सारे प्रतिष्ठान बंद रखे गए। नगर पंचायत चेयरमैन केसरी नंदन त्रिपाठी के विरोध में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष हरिनारायण चौरसिया और सपा नेता प्रदीप गुप्ता के नेतृत्व में सभी व्यापारियों ने मुख्य बाजार स्थित अपने-अपने प्रतिष्ठान को बंद रखा।
इस बाबत चेयरमैन केशरी नंदन त्रिपाठी ने कहा कि शहीद स्मारक राष्ट्रीय धरोहर है। इसका सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। मैंने व्यापारियों को कोई अपशब्द या गाली नहीं दी है। इसमें कुछ लोगों की राजनीतिक चाल है।