पीएम मोदी और उनके जापानी समकक्ष शिंजो अबे की 12 दिसंबर को प्रस्तावित काशी यात्रा के दौरान पर्यटकों और विमान यात्रियों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। शनिवार को यहां आए केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि देशी-विदेशी पर्यटकों और विमान यात्रियों की सहूलियतों को ध्यान में रखते हुए ही पीएम की यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इससे पहले केंद्रीय मंत्री ने कैंट रेलवे स्टेशन परिसर में पौधरोपण किया।
पत्रकारों से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दिव्य काशी का सपना तभी पूरा होगा जब सामूहिक प्रयास होगा। आईएसआईएस से जुड़े सवालों पर कहा कि इसका भारत में पर्यटन पर कोई असर नहीं है। पर्यटन में बीते साल की अपेक्षा 10.82 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
भारत का पर्यटन दुनिया में 65 वें स्थान से 52 वें पायदान पर आ गया है। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक आपदा झेल रहे तमिलनाडु में विमान सेवा धीरे-धीरे पटरी पर आ रही है। हवाई पट्टी से पानी हटने के बाद विमान सेवा सुचारु हो जाएगी।