वाराणसी में लंका थाना क्षेत्र के न्यू साकेत नगर में शनिवार को तीन मंजिला मकान भरभराकर गिर गया। तेज आवास सुनकर आसपास हड़कम्प मच गया। इस मकान में निर्माण कार्य चल रहा था। शटरिंग के समय अचानक पिलर टूट गया। किसी हताहत की सूचना नहीं आई है।
वजूखाने में गंदगी के मामले में 10 जुलाई को होगी सुनवाई
अपर जिला जज नवम विनोद कुमार सिंह की अदालत में शनिवार को ज्ञानवापी परिसर स्थित वजूखाने में गंदगी फैलाने और शिवलिंग जैसी आकृति को लेकर दिए गए विवादित बयान के मामले में दाखिल निगरानी अर्जी पर सुनवाई हुई। निगरानीकर्ता हरिशंकर पांडेय की ओर से समय मांगने के बाद कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए दस जुलाई की तिथि नियत कर दी।
इनामी बदमाश गिरफ्तार
चेतगंज पुलिस ने शनिवार को लंका के मारुति नगर कॉलोनी स्थित गौतम पटेल के मकान से गैंगस्टर में वांछित 25 हजार के इनामी सत्य नारायण शर्मा उर्फ सत्तू बाबू को गिरफ्तार किया। चौक के सिद्धेश्वरी चौका लक्ष्मी निवासी बदमाश सत्तू पर पांच दिसंबर 2022 को जैतपुरा थाने में गैंगस्टर एक्ट का केस दर्ज हुआ था। उस पर वर्ष 2021 में भी जालसाजी और षड्यंत्र के दो मुकदमे दर्ज हुए थे।
बगीचे में मिली अधेड़ की लाश
फूलपुर थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर गांव में शनिवार को अधेड़ की लाश मिलन से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने बगीचे रविशंकर (51) की लाश देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी। रवि मुंबइ में पॉवरलूम चलाते थे। पत्नी जगबिता ने बताया कि बीती रात बिना बताए घर से बाहर चले गए थे। शनिवार की सुबह घर से कुछ दूरी पर लाश की सूचना पर कोहराम मच गया।
कारखाने से 20 साड़ियां चोरी
लोहता के सबुआ पोखरे के पास एक साड़ी के कारखाने के रोशनदान के सहारे अंदर घुसकर चोर हजारों रुपये की साड़ी चुरा ले गए। सुबह कारखाना मालिक को चोरी की जानकारी हुई। मीना बाजार निवासी कमरूद्दीन का मकान सबुआ पोखरे के पास है। उसमें तीन पावरलूम लगाए हैं।
बुनकरों के जाने के बाद कमरूद्दीन कारखाना बंद कर घर चले गए। सुबह जब वह कारखाना खोलने पहुंचे तो देखा कि रोशनदान की जाली टूटी है और 20 साडि़यां गायब थीं। कमरूद्दीन ने बताया कि 18 हजार रुपये मूल्य की साड़ी चोर चुरा ले गए हैं।
दो घंटे किया तहसील का घेराव, पकाया खाना
आवास और भूमि की मांग को लेकर मुसहरों (वनवासियों) ने 2 घंटे तक राजातालाब तहसील का घेराव किया। चूल्हा-चौका, लकड़ी लेकर पहुंचे शिवरामपुर के मुसहर तहसीलदार के कक्ष के सामने आग जलाकर खाना पकाने लगे। इन लोगों की मांग थी कि रहने के लिए आवास और भूमि दी जाए। गांव में उनके लिए एक भी इंच भूमि और आवास नहीं है। जिस बंजर भूमि पर वे रहते हैं, वहां से ग्राम प्रधान बेदखल करना चाहते हैं।
तहसीलदार विपिन कुमार के समझाने पर भी वे नहीं माने। इसके बाद उपजिलाधिकारी ने भी समझाने का प्रयास किया।जब वे सुनने को तैयार नहीं हुए तो पुलिस बल बुलाकर मौके से हटाया गया। इस बारे में तहसीलदार ने बताया कि मुसहर समाज के लोगों ने मांग पत्र दिया है। इसमें अपने लिए आवास और भूमि आवंटन की मांग की है।
उधर, गुड्डी, मंगरु, आशा देवी, सीता, मनोज, कलावती, नारद, सुनीता, नागेंद्र आदि ने कहा कि उनके लिए गांव में तत्काल भूमि और आवास की व्यवस्था की जाए। गांव की बंजर भूमि का उन्हें आवंटन किया जाए। 15 दिन पहले जिलाधिकारी को भी पत्र दिया था लेकिन, कोई व्यवस्था नहीं हुई। यदि अगले 15 दिन के भीतर अगर आवास की व्यवस्था नहीं की गई तो फिर सब तहसील पर विरोध जताने आएंगे।