फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News in Brief: शिविर में खिलाड़ियों ने सीखी खेल की बारीकियां, 13 जुलाई को लगेगी लोक अदालत; पढ़ें- अन्य खबरें

Fri, 07 Jun 2024 11:39 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी

सार

Varanasi News: वाराणसी में छोटी-बड़ी कई खबरें रहीं। जिला ओलंपिक संघ की ओर से आयोजित ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर संपन्न हो गया। इस दौरान 210 खिलाड़ियों ने खेलों की तकनीक की बारीकियां सीखीं। वहीं, भारत विकास परिषद वाराणसी शाखा की ओर से पौधरोपण का आयोजन किया गया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी के खबरें। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जिला ओलंपिक संघ की ओर से आयोजित ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर गुरुवार को संपन्न हो गया। शिविर में 210 खिलाड़ियों ने सात खेलों की तकनीक और बारीकियां सीखीं। शिविर में बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी, बैडमिंटन, कैरम, योगा और हैंडबाॅल के खिलाड़ी शामिल रहे। शिविर तीन मई से छह जून तक परमानंदपुर में आयोजित किया गया था। समापन समारोह की मुख्य अतिथि यूपी एडवेंचर स्पोर्ट्स क्लब की अध्यक्ष डॉ़ आशा सिंह ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। 

विज्ञापन


13 जुलाई को लगेगी लोक अदालत
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन आगामी 13 जुलाई को दीवानी कचहरी में किया जाएगा। लोक अदालत में आपसी सहमति और समझौते के आधार पर लंबित वादों का निस्तारण किया जाएगा।  यह जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव / अपर जिला जज विजय कुमार विश्वकर्मा ने दी। 

उधर, जनपद न्यायाधीश संजीव पांडेय के निर्देश पर गुरुवार को लोक अदालत के नोडल अधिकारी अनिल कुमार की अध्यक्षता में दीवानी न्यायालय सभागार में द्वितीय प्री-ट्रायल मीटिंग की गई। इसमें बैंकों और राजस्व विभाग के अधिकारी व उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे। नोडल अधिकारी ने लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों को चिह्नित कर निस्तारित करने का निर्देश दिया।
विज्ञापन


कोटे की दुकानों से निशुल्क अनाज वितरण 8 जून से
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत जून माह के लिए निशुल्क अनाज का वितरण 8 जून से शुरू होगा। जो 25 जून तक बांटा जाएगा। अंत्योदय कार्डधारको को तिमाही चीनी भी निर्धारित मूल्य पर दी जाएगी। जिलापूर्ति अधिकारी उमेश कुमार ने कहा कि अंत्योदय कार्डधारकों को तीन किलो चीनी 54 रुपये की दर से दी जाएगी। इसके अलावा 35 किलो अनाज निशुल्क दिया जाएगा। 

इसमें 14 किलो गेहूं और 21 किलो चावल दिया जाएगा। पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट पांच किलो अनाज दिया जाएगा। इसमें 2 किलो गेहूं और 3 किलो चावल दिया जाएगा। अंतिम तिथि को मोबाइल ओटीपी वेरीफिकेशन के माध्यम से अनाज व चीनी दी जाएगी।

सुरक्षा उपकरण के लिए सौंपा ज्ञापन

विद्युत मजदूर संगठन के पदाधिकारियों ने गुरुवार को सुरक्षा उपकरण की मांग को लेकर अधिशासी अभियंता संजय कुमार को ज्ञापन सौंपा। इसके साथ ही अधिकारियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया।

संगठन के जिलाध्यक्ष उदयभान दूबे ने कहा कि अधिकारियों ने बिना सुरक्षा उपकरण दिए फील्ड में भेज देते हैं। इससे अक्सर दुर्घटना होती है। जब भी संसाधन की बात की जाती है तो चेतावनी दी जाती है। संगठन के क्षेत्रीय सचिव प्रशांत सिंह गौतम ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर इंद्रेश राय, राहुल कुमार, संदीप कुमार, संतोष सिंह, रंजीत पटेल और अरविंद यादव आदि मौजूद रहे।

पार्क में पौधरोपण कर किया जागरूक
भारत विकास परिषद वाराणसी शाखा की ओर से पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में शहीद उद्यान सिगरा में पौधरोपण किया गया। इस दाैरान लोगों को पौधों का वितरण भी किया गया। संस्था के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रमोदराम त्रिपाठी ने कहा कि पर्यावरण के प्रति जागरूकता से ही इसका संरक्षण होगा। इस मौके पर संस्था के प्रदेश संयोजक ब्रह्मानंद पेशवानी, राकेश गुप्ता, मृदु मेहरोत्रा मौजूद रहे। 

चुनाव के दौरान मृत शिक्षकों को मुआवजा देने की मांग
पूर्व शिक्षक एमएलसी व उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष चेतनारायण सिंह और जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को डीआईओ कार्यालय पहुंचे और सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने समस्याओं से अवगत कराया। 

तदर्थ शिक्षकों का वेतन देने, चुनाव ड्यूटी के दौरान मरे दो शिक्षकों को निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार मुआवजा देने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में मंत्री अरविंद कुमार, प्रणय सिंह, राहुल श्रीवास्तव, विवेक सिंह, मनोज सोनकर, राजीव सिंह, अजय सिंह शामिल रहे।

एडीजी ने किया 36वीं वाहिनी पीएसी का निरीक्षण
अपर पुलिस महानिदेशक पीएसी सुजीत पांडेय ने शुक्रवार को 36वीं वाहिनी पीएसी का निरीक्षण कर सलामी ली। पौधरोपण के बाद गेट नंबर 1 से प्रशासनिक कार्यालय और क्लब गेट तक के नवनिर्मित रामपथ-कर्तव्यपथ और मिल्क बूथ का लोकार्पण किया। मुख्य गेट पर उन्होंने नये फ्रीजर का उद्घाटन किया। 

उन्होंने वाहिनी के आदर्श मेस, अराजपत्रित-राजपत्रित अतिथि गृह, नई कॉलोनी आवासीय परिसर, मुख्यालय शाखा आरटीसी बैरक, वर्चुअल क्लासरूम, पुस्तकालय, प्रधान लिपिक शाखा, स्टेनो कार्यालय, सूबेदार मेजर कार्यालय का निरीक्षण किया। सैनिक सम्मेलन में जवानों से व्यक्तिगत व सामूहिक समस्याएं पूछीं। 

सेनानायक अनिल कुमार पांडेय ने स्मृति चिह्न देकर उनका स्वागत किया। निरीक्षण में डीआईजी पीएसी कानपुर और वाराणसी सेक्टर राजीव नारायण मिश्रा, सहायक सेनानायक राजेश कुमार, चिकित्साधिकारी अबरार अहमद, शिविर पाल कैलाश नाथ यादव, सूबेदार मेजर भगवान सिंह यादव मौजूद रहे। 

आध्यात्मिक प्रवचन एवं रसमय संकीर्तन आज से
प्रख्यात संत पंचम मूल जगदगुरु कृपालु महाराज की प्रचारिका धामेश्वरी देवी द्वारा द्वारा 11 दिवसीय दिव्य आध्यात्मिक प्रवचन एवं रसमय संकीर्तन आज से शुरू होगा। दुर्गाकुंड स्थित हनुमान प्रसाद पोद्दार अंध विद्यालय में 7 जून से 17 जून तक नियमित रूप से धामेश्वरी देवी द्वारा आध्यात्मिक प्रवचन दिया जाएगा, साथ ही मानसिक शांति के लिए रसमय संकीर्तन भी किया जाएगा। कार्यक्रम प्रतिदिन शाम 6:00 बजे से 8:00 बजे तक होगा जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे।

23 से राज्यस्तरीय तैराकी प्रतियोगिता, 10 को ट्रायल
खेल निदेशालय ने राज्यस्तरीय तैराकी प्रतियोगिता के लिए तिथियों का एलान कर दिया है। प्रतियोगिता 20 से 23 जून तक सिद्धार्थ नगर में होगी। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में खेलने के लिए चयन ट्रायल लालपुर स्थित डॉ़ भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में होगा। 

क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी आरपी सिंह ने बताया कि जिलास्तरीय ट्रायल 10 जून और मंडल स्तरीय ट्रायल 11 जून को होगा। जूनियर वर्ग प्रथम में 15 से 17 आयुवर्ग, जूनियर वर्ग द्वितीय में 12 से 14 आयु वर्ग और सब जूनियर में 10 से 11 साल के खिलाड़ी खेल सकते हैं। बताया कि खिलाड़ी अधिकतम पांच इवेंट में खेल सकते हैं। 

बीएचयू ने मांगी हॉकी और बास्केटबाॅल की मेजबानी
विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद बीएचयू ने दो खेलों की मेजबानी मांगी है। विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. बीसी कापरी ने बताया कि बीएचयू में हॉकी और बास्केटबॉल के लिए पर्याप्त सुविधाएं हैं। इसलिए यहां आसानी से खेलों का आयोजन किया जा सकता है।

खेल सुविधाओं का ध्यान में रखकर अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयीय स्तर की हॉकी और बास्केटबॉल प्रतियोगिताओं की मेजबानी की मांग की गई है। भारतीय विश्वविद्यालय परिषद नई दिल्ली खेलों की मेजबानी आवंटित करता है। बीएचयू क्रीड़ा परिषद पूर्व में कई अखिल भारतीय स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करा चुका है। 

अंक सुधार के लिए आवेदन 8 जून तक
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में छात्र अंक सुधार के लिए 8 जून तक आवेदन जमा होंगे। प्राचार्य प्रो. रजनीश कुंवर ने बताया कि बीए, बीकॉम, बीएससी, विधि द्वितीय, चतुर्थ एवं षष्ठम सेमेस्टर एवं एमए, एमकॉम, एमएससी, बीएड द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र आवेदन पत्र भरकर जमा करे दें। 8 जून के बाद किसी का आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा।

टेनिस के फाइनल में पहुंचे आयुष्मान
ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (एआईटीए) की ओर से लखनऊ में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता खेली जा रही है। इसमें काशी के टेनिस खिलाड़ी आयुष्मान पाठक एकल और युगल मुकाबले जीतकर प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंच गए। गुरुवार को खेले गए एकल मुकाबले में आयुष्मान ने मंत्रा मांडलिया को 4-2, 4-2 से हरा दिया। बालक वर्ग के युगल मुकाबले में आयुष्मान व कृष्णा की जोड़ी ने आरव व अर्थव की जोड़ी को 4-2, 4-3 से हरा दिया। प्रतियोगिता का फाइनल शुक्रवार को खेला जाएगा।

भाषण प्रतियोगिता में खुशी कपूर अव्वल
दी इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की वाराणसी शाखा की ओर से आयोजित सीए स्टूडेंट टैलेंट सर्च के तहत प्रश्नोत्तरी और भाषण प्रतियोगिता हुई। इसमें आदित्य जायसवाल जबकि भाषण प्रतियोगिता में खुशी कपूर को पहला स्थान हासिल हुआ।

संस्था के प्रेमचंद नगर स्थित कार्यालय पर आयोजित प्रतियोगिता में 75 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में आदित्य जायसवाल और आदित्य सिंह की जोड़ी को पहला स्थान, हर्ष केशरवानी एवं साहिल सोनी की जोड़ी को दूसरा स्थान मिला। भाषण प्रतियोगिता में खुशी कपूर प्रथम, साहिल राय दूसरे, देवांश जैसवाल तीसरे स्थान पर रहे। 

शाखा उपाध्यक्ष नीरज कुमार सिंह ने बताया कि विजेता प्रतिभागियों को क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका मिलेगा, जिसमें सात राज्यों के प्रतिभागी होंगे। यहां से जीत दर्ज करने वाले राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग कर सकेंगे। इस दौरान रमेश गुप्ता, रंजीत पांडेय, मिनाक्षी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। धन्यवाद ज्ञापन वैभव मेहरोत्रा ने किया।

बरेका महिला कल्याण संगठन ने बरेका में लगाए पौधे
बरेका महिला कल्याण संगठन की ओर से गुरुवार को बरेका चिकित्सालय एवं अधिकारी क्लब में पौधरोपण किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार ने बताया कि पर्यावरण व जल संरक्षण के साथ हरित पर्यावरण के लिए बरेका में प्रयास किए जा रहे हैं। इस दौरान महिला कल्याण संगठन सदस्य डॉ. पूनम सिंह, गौरी श्रीवास्तव, महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं अर्चना तिवारी, अनुजा खरे, चित्रा, हनी वर्मा, ज्योति सिन्हा, रश्मि सिंह आदि मौजूद रहीं। 

बरेका में 1600 खिलाड़ी ले रहे प्रशिक्षण
जिले में तीन स्विमिंग पूल हैं। सिगरा स्टेडियम, बीएचयू तरण ताल और बरेका स्वीमिंग पूल। इसमें सबसे ज्यादा करीब 1600 खिलाड़ी बरेका स्विमिंग पूल में प्रशिक्षण ले रहे हैं। बरेका के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि बरेका में ज्यादातर रेलवे कर्मचारियों के परिजन प्रशिक्षण ले रहे हैं। इस बार दो माह देर से प्रशिक्षण शुरू हुआ है। सिगरा स्टेडियम में निर्माण कार्य की वजह से स्विमिंग पूल नहीं खोला गया है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खेलने के लिए जिले के 26 खिलाड़ी बीएचयू स्विमिंग पूल में प्रशिक्षण ले रहे हैं।

वाराणसी के दो किसान दिल्ली में नवोन्मेषी पुरस्कार से सम्मानित
कृषि विज्ञान केंद्र मिर्जामुराद की ओर से नामित वाराणसी के दो किसान शैलेंद्र कुमार रघुबंशी और इंद्रसेन सिंह को गुरुवार को दिल्ली में नवोन्मेषी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, नई दिल्ली की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उपमहानिदेशक कृषि प्रसार डॉ. यूएस गौतम ने उन्हें सम्मानित किया। 

बबियांव निवासी शैलेंद्र रघुवंशी उद्यान क्षेत्र के सफल किसान हैं। उनके अनुभव का लाभ पूर्वांचल के साथ-साथ बिहार और बंगाल के किसानों को भी मिल रहा। वहीं, किसान इंद्रसेन सिंह मोटा अनाज सहित एकीकृत कृषि प्रणाली इकाई से पूर्वांचल के किसानों को लाभान्वित कर रहे हैं। 

कार्यक्रम में भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के संयुक्त निदेशक रविंद्र पड़रिया सहित कई अधिकारी एवं वैज्ञानिक उपस्थित थे। कृषि विज्ञान केंद्र कल्लीपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. नरेंद्र रघुवंशी, डॉ. राहुल, डॉ. अमितेश, डॉ. मनीष, डॉ. प्रतीक्षा, श्रीप्रकाश आदि ने शुभकामनाएं दीं। 

साइबर लाइब्रेरी में दिव्याग छात्रों के लिए सीटें बढ़ाने की मांग
बीएचयू के साइबर लाइब्रेरी में सीटें बढ़ाने को लिए छात्रों ने पुस्तकालय अधिकारी को ज्ञापन सौपा। छात्र विमलेश ने बताया कि साइबर लाइब्रेरी में दिव्यांग छात्रों के अध्ययन के लिए 10 सीट रखी गई है। इससे दिव्यांग छात्रों को दिक्कत होती है। अगर 10 सीट से बढ़ाकर 20 सीट कर दी जाए तो छात्रों को सहूलियत होगी। 

रेलवे ट्रैक पार करते समय सावधान रहने की जानकारी दी
बनारस रेलवे स्टेशन, वाराणसी सिटी समेत अन्य स्टेशनों पर गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय समपार जागरुकता दिवस मनाया गया। इस दौरान भारत स्काउट एंड गाइड के सदस्यों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से रेलवे ट्रैक पार करते समय सावधानी बरतने की जानकारी दी।

साथ ही ‘जीवन समय से ज्यादा मूल्यवान है’, समपारों को पार करने में सावधानी बरतें‘, ‘समपारों के बंद होने की स्थिति में उसके नीचे से न जाएं‘ स्लोगन का व्यापक प्रचार-प्रसार किया। वहीं, रेलवे क्राॅसिंगों पर होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रेलवे फाटकों के पास के गांव, ब्लाॅक, आंगनबाड़ी केंद्र और विद्यालयों में रेलवे सुरक्षा बल के साथ काउंसिलिंग अभियान चलाया गया। 

नो एंट्री खत्म होने के बाद भी वाहनों से हो रही अवैध वसूली
नो एंट्री खत्म होने के बाद भी वाहनों से अवैध वसूली की जा रही है। जगह-जगह चालान की धमकी देते हुए ड्राइवर से धन उगाही की जाती है। यह बातें छावनी क्षेत्र स्थित एक होटल में बैठक में बनारस टूरिस्ट ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने कहीं।

बनारस टूरिस्ट ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की मीटिंग में बढ़ती हुई महंगाई को देख नए रेट के विस्तार पर भी चर्चा हुई। इसे जल्द से जल्द सभी ट्रांसपोर्टर की सहमति से लागू किया जाएगा। कहा गया कि आरटीओ द्वारा टीपी परमिट न बनाने और ट्रांसपोर्टर का उत्पीड़न किए जाने के संबंध में जिलाधिकारी और मंडलायुक्त से मुलाकात कर उन्हें समस्या से अवगत कराया जाएगा। 

बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह, महामंत्री प्रकाश जायसवाल, उपाध्यक्ष सुनील सिंह, राकेश नंदी, माया सिंह, डबलू सिंह, रोहित सिंह, मुकेश सिंह, प्रदीप कुमार सिंह मौजूद रहे।

वीडीए ने कोदोपुर में किया अवैध निर्माण सील
वीडीए की ओर से रामनगर वार्ड में अवैध निर्माण सील किया गया। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने बताया कि कोदोपुर निवासी बब्बल खान की ओर से अवैध निर्माण कराया जा रहा था। पूर्व में निर्माण बंद कराने का नोटिस दिया गया था। बावजूद निर्माण कार्य जारी रखने की जानकारी पर प्रवर्तन टीम पहुंची। अधिकारियों ने अवैध निर्माण सील कर रामनगर पुलिस को सौंपा गया। टीम में जोनल अधिकारी श्रीप्रकाश और सहायक अभियंता पीएन दुबे मौजूद रहे। 
विज्ञापन

आम लेकर आ रहा मालवाहक खड़े ट्रक से टकराया, व्यापारी की मौत, दो घायल

वाराणसी के खजूरी गांव में नेशनल हाईवे पर शुक्रवार भोर में आम लेकर कानपुर से वाराणसी आ रहा छोटा मालवाहक खड़े ट्रक के पीछे जा टकराया। हादसे में पिकअप के केबिन में बैठे व्यापारी की मौत हो गई। एक अन्य व्यापारी और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। 

सूचना पाकर मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे व्यापारी के शव और दोनों घायलों को बाहर निकलवाया। हादसे की वजह पिकअप चालक को झपकी बताई गई है।

प्रतापगढ़ के मानिकपुर थाना क्षेत्र के बभनपुरा गांव निवासी पवन सोनकर (21) और कुंडा थाना के पिजौली गांव के भैया राम साहू (36) मालवाहक (पिकअप) पर कानपुर से आम लादकर वाराणसी आ रहे थे। पिकअप कुंडा फुलताली का प्रमोद यादव चला रहा था। खजूरी पहुंचने पर प्रमोद यादव को झपकी आ गई और वह मालवाहक लेकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया। हादसे में मालवाहक के परखच्चे उड़ गए और सभी केबिन में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गए। 

मारपीट और छेड़खानी के आरोपी बरेका कर्मी को जमानत
मारपीट और छेड़खानी के आरोपी बीएलडब्ल्यू के सेक्शन अधिकारी अखिलेश यादव की जमानत अर्जी अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट साकेत मिश्रा की अदालत ने मंजूर कर ली। अदालत ने आरोपी को 25 हजार का व्यक्तिगत बंधपत्र देने पर जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है। 

अभियोजन के अनुसार, 31 मार्च 2018 को वादिनी ने बरेका पुलिस चौकी पर प्रार्थना पत्र दिया था। आरोप है कि रात आठ बजे सिनेमा हॉल के पास सामान ले रही थी। तभी बरेका के सेक्शन अधिकारी अखिलेश यादव ने उसके पति की बाइक गिरा दी। मना करने पर उसके कपड़े फाड़ दिए। मंडुवाडीह थाने की पुलिस ने मारपीट और छेड़खानी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया था। 

दहेज हत्या की आरोपी महिला गिरफ्तार
दहेज हत्या की आरोप में जगदीशपुर, वेदामा राजभर का भट्ठा की रहने वाली मुनिया देवी को फूलपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। फूलपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि 22 मई की रात बाइक की मांग पूरी न होने पर एक गर्भवती विवाहिता को ससुराल के लोगों ने मारपीट कर ट्रेन के सामने फेंक दिया था। विवाहिता और गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई थी। 

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़ जिले के रौनापार थाना के बूढ़न पट्टी, देवारा खास राजा बाका के रहने वाले सूबेदार यादव को सारनाथ थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सारनाथ थाना प्रभारी ने बताया कि सूबेदार के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में मुकदमा दर्ज है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें