बाबतपुर-दिल्ली एयरपोर्ट से वाराणसी आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई 2211 में मंगलवार सुबह टेकऑफ से पहले एक टिशू पेपर मिला, जिसमें '30 मिनट में बम ब्लास्ट' लिखा हुआ था। इसे धमकी की आशंका माना गया। इसके बाद क्रू मेंबर्स ने पैसेंजर्स को इमरजेंसी गेट से बाहर निकाला।
कुछ यात्री विंग के जरिए प्लेन से उतरते देखे गए। फ्लाइट में 176 पैसेंजर्स थे। विमान से यात्रियों को उतरने के बाद विमान को एप्रन से हैंगर में ले जाया गया, जहां पूरे विमान की गहनता से जांच की गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
पूरे विमान को बम डिस्पोजल दस्ता, क्यूआरटी टीम तथा ख़ुफ़िया एजेंसी ने गहनता से पड़ताल की। विमान सात घंटे की देरी से अपने निर्धारित समय सुबह 6 बजे के स्थान पर दोपहर एक बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचा। विमान की जांच के दौरान यात्रियों को टर्मिनल में बैठाए रखा गया। विमान से सुरक्षित वाराणसी पहुंचने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली।
इस बारे में एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि दिल्ली से वाराणसी आने वाले विमान में बम की सूचना पाए यात्रियों को इमरजेंसी द्वार से बाहर निकालकर विमान की जाँच की गई, लेकिन विमान में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। विमान सात घंटे की देरी से वाराणसी पहुंचा।
बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में छात्रों का हंगामा, डॉक्टरों से नोकझोंक
बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में सोमवार रात छात्रों और डॉक्टरों के बीच नोकझोंक हो गई। दस माह की एक बच्ची के इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर छात्रों ने हंगामा किया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने शांत रहने को कहा तो छात्र और उग्र हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने किसी तरह मामला शांत कराया।
ट्रॉमा सेंटर की इमरजेंसी में दस महीने की बच्ची का इलाज चल रहा था। रात नौ बजे कुछ छात्र इलाज को लेकर डॉक्टरों से बात करने पहुंचे। इस दौरान दोनों तरफ से कहासुनी हो गई। मामला बढ़ता देख किसी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने छात्रों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। घंटे भर बाद रात 10 बजे फिर कुछ छात्र पहुंचे और इमरजेंसी में अंदर जाने के लिए गेट पास मांगने पर भड़क गए।
रात 12 बजे तक ट्रॉमा सेंटर में प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य मौजूद रहे। बीएचयू चीफ प्रॉक्टर प्रो. शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर में विधि विभाग के कुछ छात्रों ने हंगामा मचाया। यहां डॉक्टरों के साथ दुर्व्यवहार भी किया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान की जा रही है।
बीएचयू में हॉस्टल के बाहर छात्रों का धरना
बीएचयू में राजाराम हॉस्टल के कुछ छात्रों ने सोमवार देर शाम हॉस्टल की फीस वृद्धि के विरोध में धरना दिया। करीब आधे घंटे तक हॉस्टल के बाहर बैठने के बाद भी जब कोई अधिकारी नहीं आया तो यहां से उठकर कुलपति आवास तक आए। छात्र यहां भी बैठने जा रहे थे कि प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों ने उन्हें समझा बुझाकर हॉस्टल भेज दिया। उधर, छात्रों ने चेतावनी दी कि वह हॉस्टल के बाहर बैठे रहेंगे।