टमाटर की बढ़ती कीमतों से जहां आम आदमी की जेब ढीली हुई, वहीं चोलापुर के गोसाईपुर गांव के किसानों ने टमाटर बेचकर एक महीने में लाखों की कमाई की। किसानों का कहना है फरवरी में पौधे लगाए थे। जून से बेचना शुरू किए और जुलाई में अचानक भाव बढ़ने से उम्मीद से ज्यादा कमाई हुई। चोलापुर के गोसाईपुर के 10 से ज्यादा किसानों ने फरवरी में गर्मी के सीजन वाले टमाटर की रोपाई की। मार्च और अप्रैल से टमाटर का उत्पादन शुरू हो गया।
नाद नदी के किनारे बसे गांव गोसाईपुर के किसान राजेश वर्मा ने बताया कि रेड गोल्ड प्रजाति के टमाटर की फसल 15 बिस्वा में लगाई थी। इसकी बिक्री 15 जुलाई तक की। उत्पादन कम होने के बावजूद एक माह में एक लाख रुपये से ज्यादा का टमाटर लमही और लालपुर के मंडी में बेच चुके हैं। राजेश ने बताया कि लालमणी प्रसाद, रामजीत पटेल सहित 10 किसानों ने 10 से 12 बिस्वा में टमाटर की खेती है। इन लोगों ने भी उम्मीद से ज्यादा की कमाई की है।