जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर चुनाव के लिए शुक्रवार को एडीएम प्रशासन की कोर्ट में सुबह 11 बजे से नामांकन शुरू होगा।
इसकी तैयारियों के बाबत राज्य निर्वाचन आयुक्त एसके अग्रवाल ने कमिश्नरी के एनआईसी में वीडियोकांफ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा की। उन्होंने यहां के अधिकारियों को पुराने रिकार्ड के आधार पर पर्याप्त तैयारी करने का निर्देश दिया।
कहा कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
निर्वाचन आयुक्त ने भयमुक्त वातावरण कायम करने और मतदाताओं को डराने धमकाने वालों पर कार्रवाई का निर्देश दिया। वीडियोकांफ्रेंसिंग में शामिल डीएम राजमणि यादव ने बताया कि चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
अब तक किसी जिला पंचायत सदस्य ने डराने-धमकाने की शिकायत नहीं की है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजाराम वर्मा ने बताया कि गुरुवार तक कुल चार प्रत्याशियों ने नौ सेट में पर्चे खरीदे हैं।
इनमें सपा समर्थित अपराजिता सोनकर ने तीन सेट और भाजपा-अपना दल समर्थित हरहुआ के अमित सोनकर ने तीन सेट में पर्चे खरीदे। इनके अलावा काशी विद्यापीठ की गायत्री ने दो सेट और उषा देवी ने एक सेट में पर्चे खरीदे।
बताया कि नामांकन 3 बजे तक होगा। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। नाम वापसी 4 जनवरी और मतदान, मतगणना 7 जनवरी को होगी।
चुनाव के रिटर्निंग आफिसर डीएम और असिस्टेंट रिटर्निंग आफिसर एडीएम वित्त एवं राजस्व महेंद्र कुमार राय को बनाया गया है। बता दें जिला पंचायत अध्यक्ष की जीत के समीकरण के लिए आधे से एक अधिक यानी 25 वोट की जरूरत है।