जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के मनझरिया गांव में रविवार को वैवाहिक कलह से परेशान एक युवक ने विषाक्त पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की मां ने सोमवार को बहू सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मनझरिया गांव निवासी दिलवासी देवी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि पुत्र जंगबहादुर यादव (29) की शादी वर्ष 2020 में सैयदराजा निवासी चंदा देवी के साथ हुई थी। शादी के बाद से बहू और बेटे के बीच संबंध ठीक नहीं थे। इसको लेकर कई बार पंचायत भी हो चुकी थी। बीते 17 अगस्त को मनझरिया गांव में पंचायत के दौरान पति-पत्नी के अलग होने की दोनों पक्षों के बीच बात हो रही थी। पुत्र जंगबहादुर पत्नी चंदा देवी, साले अखिलेश यादव, ससुर मुन्ना यादव, सीता देवी की बातों से परेशान होकर और अपने सास-ससुर की बातों से प्रताड़ित होकर विषाक्त पदार्थ खा लिया। परिजनों और ग्रामीणों ने उसे तत्काल पीएचसी लेकर गए। जहां से डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान जंगबहादुर की मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की मां दिलवासी देवी की तहरीर पर चंदा देवी, अखिलेश यादव, मुन्ना यादव, सीता देवी सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।