वाराणसी। मंडुवाडीह, रोहनिया और पड़ाव क्षेत्र निवासी तीन युवकों की हत्या की गुत्थी सुलझाने के क्त्रस्म में रविवार को पुलिस की अलग-अलग टीमों ने छह घंटे से ज्यादा समय तक मिर्जापुर के चुनार और राजगढ़ स्थित जंगल का चप्पा-चप्पा खंगाला। हालांकि पुलिस को कोई खास सफलता नहीं मिली। प्रकरण में अब पुलिस को राजातालाब निवासी सौरभ उर्फ लालू की तलाश है।
मंडुवाडीह क्षेत्र के सुमित श्रीवास्तव, रोहनिया क्षेत्र के बृजेश विश्वकर्मा और पड़ाव क्षेत्र के राजू की बीते साल हत्या कर दी गई थी। तीनों की हत्या सुमित के 4.73 लाख रुपये को हड़पने के चक्कर में की गई थी। बृजेश का शव रोहनिया क्षेत्र से बरामद हो गया था, लेकिन सुमित और राजू का शव अब तक नहीं बरामद हो सका। प्रकरण में अब तक लोहता निवासी मास्टरमाइंड अभिषेक जायसवाल सहित छह लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। वहीं, राजातालाब का सोनू मोदनवाल पुलिस की हिरासत में है। जबकि, राजातालाब निवासी सौरभ की तलाश की जा रही है। रविवार को पुलिस सोनू को लेकर चुनार और राजगढ़ के जंगल लेकर गई, लेकिन सुमित और राजू के शव का कहीं पता नहीं लगा। वहीं, सौरभ के बारे में चर्चा है कि वह अदालत में समर्पण की फिराक में लगा हुआ है।