संवाद न्यूज एजेंसी मिर्जामुराद। क्षेत्र के खजूरी चौकी के पास नेशनल हाईवे पर सोमवार तड़के तीन भारी वाहनों की टक्कर हो गई। हादसे में चालक समेत तीन लोग घायल हो गए हैं। केबिन में फंसे एक चालक को दो घंटे में रेस्क्यू कर पुलिस ने बाहर निकाला। एंबुलेंस से सभी को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वाराणसी से प्रयागराज की दिशा में जा रही गाड़ियों के क्रम में एक ट्रक पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने के लिए मुड़ने लगा। पीछे से आ रही तेज रफ्तार दूसरी ट्रक अनियंत्रित होकर जा टकराई। इससे पहले कि वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उनके पीछे आ रहा एक भारी ट्रेलर भी दूसरी ट्रक में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उसका चालक रफीक, निवासी अलवर, राजस्थान केबिन के अंदर फंस गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात बहाल कराया। केबिन में फंसे चालक को बाहर निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों ने क्रेन की मदद ली। थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर मार्ग को सुचारु किया गया।