फोटो संवाद न्यूज एजेंसी वाराणसी। मल्टीपर्पज ग्राउंड सदर बाजार में रात्रिकालीन हॉकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन पांच मैच हुए। पहला मैच राज हॉकी अकादमी भदोही और बनारस इंडिपेंडेंस के बीच खेला गया। निर्णय न हो पाने पर पेनाल्टी शूटआउट में राज हॉकी भदोही ने मैच 2-1 से जीत लिया। दूसरा मुकाबला प्रथम नेशनल हॉकी एकेडमी और विवेक हॉकी एकेडमी हरहुआ के बीच हुआ। हरहुआ ने मैच 3-2 से जीत लिया। तीसरे मैच में भी पेनाल्टी शूटआउट से निर्णय हुआ। सिगरा हॉकी क्लब ने विकास इंटर कॉलेज को 2-1 से हराया। चौथे मुकाबले में विवेक हॉकी एकेडमी शिवपुरी ने राज हॉकी भदोही को 5-1 हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। अंतिम मैच में कैंट स्टार हॉकी क्लब ने हैंड हॉकी कोरौता को मात देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सोनू निगम ने तीन गोल के साथ प्रतियोगिता की पहली हैट्रिक लगाई और मैच ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता।
निर्णायक मंडल में योगेश सिंह, शशिकांत सिंह, सुरेंद्र गौड़, एम कोरिया, अजहर अब्बास, घनश्याम व आशीष सिंह रहे। मुख्य अतिथि रईस अहमद (राष्ट्रीय खिलाड़ी), मुनव्वर हुसैन (राष्ट्रीय खिलाड़ी व कोच) सगीर अहमद, अमित यादव (राष्ट्रीय खिलाड़ी ) व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी फहीम अहमद ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।