गाजीपुर जिले के भदौरा रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात करीब नौ बजे प्लेटफॉर्म पार करते वक्त तीन लोगों की ट्रेन से कट कर मौत हो गई, जबकि पिता और बच्ची घायल हो गए। घायलों को नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
रेवतीपुर गांव के पट्टी चंदन पांडे के रहने वाले अजीत पांडे उर्फ बाचा(32) अपने पड़ोस की रहने वाली प्रियंबदा पांडेय(25) उसके पति अच्युतानंद पांडेय, बेटी अजीता पांडेय(07) और एक साल की दूसरी बेटी को भदौरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर ट्रेन में बैठाने जा रहा था।
तीनों ट्रैक पार करते समय अपलाइन पर संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आकर कट गए। मौके पर ही अजीत, प्रियंबदा और अजीता की मौत हो गई जबकि अच्युतानंद और एक साल की बेटी जख्मी हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने स्टेशन मास्टर और जीआरपी को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि ट्रैक पार करने के दौरान कुहासा होने की वजह से उन्हें ट्रेन नहीं दिखी और ट्रेन की चपेट में आने से तीनों की मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे जीआरपी ने शव कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।