वाराणसी। गिलट बाजार पुलिस चौकी के पास स्थित दुकान से रात में शराब बिकवाने के मामले में शिवपुर थाने के तीन पुलिसकर्मियों को डीसीपी जोन वरुणा ने बृहस्पतिवार को निलंबित कर दिया। डीसीपी वरुणा जोन विक्रांत वीर ने वायरल वीडियो की जांच के बाद हेड कांस्टेबल संजय कुमार सिंह, आरक्षी रविकांत सरोज और आरक्षी धनंजय को निलंबित कर दिया। इनके खिलाफ विभागीय जांच भी बैठा दी गई है। वहीं लचर पर्यवेक्षण पर शिवपुर थाना प्रभारी को भी चेतावनी दी।
30 मई की रात शिवपुर थाना के गिलट बाजार चौकी के 25 मीटर की दूरी पर लॉकडाउन का उल्लंघन करते हुए रात में शराब की बिक्री की जा रही थी। पुलिसकर्मियों के सामने हो रहे इस कृत्य का वीडियो वायरल हुआ तो महकमे में हड़कंप मच गया। कैंट एसीपी अभिमन्यु मांगलिक ने जांच बैठाई तो तीन पुलिसकर्मियों की संलिप्तता सामने आई। इस मामले में तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।