मुक्केबाजी संघ और खेल विभाग के समन्वय से मंडलीय मुक्केबाजी का चयन ट्रायल सोमवार दोपहर सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा। मंडलीय टीम का हिस्सा बनने के लिए वाराणसी जिले की चयनित तीनों खिलाड़ी सोमवार को मुक्केबाजी रिंग में उतरेंगी। वाराणसी की मुक्केबाजी टीम में 44 से 46 भार वर्ग में साक्षी तिवारी, 57 से 60 भार वर्ग में जागृति यादव और 66 से 70 भार वर्ग में एंजेल यादव शामिल हैं। इससे पूर्व जिलास्तरीय टीम के लिए 13 भार वर्ग में सिर्फ तीन खिलाड़ियों ने ही ट्रायल दिया था। मंडलीय ट्रायल में वाराणसी मंडल से संबंधित जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली और वाराणसी जिले की टीम के बीच मुकाबला होगा। इसमें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ी मंडलीय टीम का हिस्सा होंगी। प्रदेश स्तरीय अंडर-17 जूनियर बालिका मुक्केबाजी प्रतियोगिता 10 से 13 अगस्त तक वाराणसी में होगी। इसमें वाराणसी मंडल के अलावा प्रदेश के 17 मंडल की बालिका टीम हिस्सा लेंगी। तीनों खिलाड़ी मंडलीय टीम का हिस्सा बनने के लिए ट्रायल देंगी।