- कोतवाली, चेतगंज और फूलपुर थाना क्षेत्र की घटनाएं
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। कोतवाली, चेतगंज और फूलपुर थाना क्षेत्र में तीन जगह आग लगने की वजह से पुलिस और दमकल के कर्मियों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। आग लगने की वजह से लाखों का नुकसान हुआ है।
नाटी इमली निवासी अवधेश कुमार सिंह उर्फ बबलू का नखास स्थित देसी शराब ठेके के बगल में लकड़ी का कारखाना है। अवधेश ने बताया कि शनिवार की भोर तीन बजे के लगभग उनके कारखाने में अचानक आग लग गई। पड़ोस के लोगों ने उन्हें सूचना दी तो वह मौके पर पहुंचे। दमकल की तीन गाड़ियों ने लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से उनका लाखों रुपये का नुकसान हुआ। आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। वहीं, लहुराबीर स्थित बंद हो चुके प्रकाश सिनेमा के पीछे कूड़े के ढेर में रविवार की शाम आग लग गई। पुलिस की सूचना पर आए दमकल कर्मियों ने आधा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आशंका जताई गई है कि जलती बीड़ी या सिगरेट फेंकने से आग लगी होगी।
विज्ञापन
उधर, फूलपुर थाना क्षेत्र के देवजी गांव में शनिवार की रात दुकान में आग लगने से हजारों रुपये का सामान जल गया। देवजी गांव निवासी महेंद्र कन्नौजिया की जनरल स्टोर और लांड्री की दुकान है। शनिवार की रात अचानक दुकान में आग लग गई। ग्रामीणों ने आग को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर देरी से पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने आग पर किसी तरह से काबू पाया। महेंद्र ने कहा कि आग लगी नहीं है, बल्कि रंजिश में लगाई गई है।
अराजकतत्वों ने गुमटी में आग लगाई, हजारों का नुकसान
दानगंज। चोलापुर थाना क्षेत्र के देवरिया गांव में करीमन सिंह की जनरल स्टोर की गुमटी में अराजकतत्वों ने आग लगा दी। आग पर जब तक काबू पाया जाता तब तक गुमटी जल कर राख हो चुकी थी। दुकानदार ने घटना के संबंध में चोलापुर थाने में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
करीमन सिंह ने बताया कि उनकी गुमटी अजगरा पुलिस चौकी से लगभग पांच सौ मीटर की दूरी पर थी। शनिवार की रात वह गुमटी बंद करके घर चले गए थे। रात 12 बजे के लगभग गुमटी में आग लगाई गई। आग की लपटों को देवरिया गांव के रामप्रवेश सिंह ने देखा और ग्रामीणों को बताया। आननफानन आसपास के लोग इकट्ठा हुए, लेकिन तब तक गुमटी जल कर राख हो चुकी थी। करीमन सिंह ने बताया कि गुमटी में लगभग 50 हजार रुपये के सामान थे।