उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के कटरा कोतवाली और जिगना थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात ट्रेन से कटकर और गिरने से एक किशोरी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। कटरा कोतवाली क्षेत्र के संगमोहाल में दुकानदार और जिगना थाना क्षेत्र में किशोरी तथा एक अज्ञात की मौत हुई है।
कटरा कोतवाली क्षेत्र के सबरी के चौधरी भगवती प्रसाद की गली निवासी 35 वर्षीय रमाशंकर गुप्ता की संगमोहाल क्रासिंग के पार चाय-पान की दुकान है। वह शनिवार की देर रात दुकान बंद कर घर जा रहा था। इस दौरान ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। शनिवार की सुबह लोगों ने शव देखकर परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
शनिवार की सुबह जिगना और गैपुरा रेलवे स्टेशन के मध्य जिगना पूर्व कोट के सामने अप लाइन खंभा नम्बर 759 के पास बिहसड़ा बाजार निवासी तीरथ अग्रहरी की 17 वर्षीय पुत्री निकिता अग्रहरी का क्षतविक्षत शव मिला। परिजनों ने बताया कि निकिता शुक्रवार को पड़ोस में जन्मदिन कार्यक्रम में गई थी। वहां रात एक बजे तक मौजूद थी।
खाना खाने के बाद सोने चली गई थी। वह कब और कैसे रेल लाइन पर पहुंच गई, किसी को पता नहीं चला। पुलिस के अनुसार, परिजनों ने बताया कि इंटर की परीक्षा में कम नंबर आने से वह परेशान थी। निकिता के शव से कुछ दूर एक 30 वर्षीय युवक का शव जिगना बीजकोट के सामने मिला। युवक लाल बनियान और काला पैंट पहने हुए है। उसके सिर और हाथ में गंभीर चोट लगी थी। पुलिस के अनुसार युवक की ट्रेन से गिरकर मौत हुई है। उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है।