मिर्जापुर जनपद के विशुनपुर गांव निवासी शिवकुमार गाय चराने आम के बगीचे में गए थे। शाम को पांच बजे तेज बारिश शुरू हो गई। पानी से बचने के लिए वह पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान बिजली गिरने से वह अचेत हो गए। सीएचसी में जांच के बाद चिकित्सक डॉ. राधेश्याम वर्मा ने मृत घोषित कर दिया।
सोनभद्र में आंधी के कारण क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली के तारों पर पेड़ गिर गए। इससे खंभे भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। इलाके की बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। बिजली कर्मी मरम्मत में जुट गए हैं। आंधी से घरों के शेड, छप्पर भी उड़ गए। यूपी-झारखंड सीमा पर लगा लोहे का स्वागत गेट उखड़ कर बीच सड़क पर गिर गया। इससे आवागमन बाधित हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने करीब तीन घंटे की मशक्कत से गेट को किनारे कराकर आवागमन चालू कराया।
चोपन विकासखंड की कोटा ग्राम पंचायत के गुरमुरा टोला में शुक्रवार की शाम बिजली गिरने से मां और उसकी तीन बेटियों समेत आठ लोग घायल हो गए। गुरमुरा निवासी सुनील कुमार की पत्नी राजकुमारी (35) शुक्रवार की शाम अपनी बेटियों आरती (6), रिंकी (4) और पूजा (2) के साथ कच्चे मकान के बाहर मौजूद थीं। इसी दौरान बिजली गिरने से चारों चपेट में आकर घायल हो गईं। पास के एक अन्य कच्चे मकान पर भी बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से मिर्जापुर जिले के चनरी निवासी सुरेंद्र कुमार (40), रईतरा निवासी रामा (35) और गणेश कुमार (35) और अन्य एक व्यक्ति घायल हो गया। एंबुलेंस की मदद से स्थानीय लोगों ने छह घायलों को सीएचसी चोपन पहुंचाया। आरती और रिंकी को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।