बाबतपुर। कोहरे के चलते विमान सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। बृहस्पतिवार को मुंबई का दो व जयपुर का एक विमान निरस्त रहा। वहीं नई दिल्ली, बंगलूरू व मुंबई के विमान 40 मिनट से डेढ़ घंटे की देरी से लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचे। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार मुंबई-वाराणसी की 6-ई, 43 इंडिगो, 6-ई, 663 इंडिगो की जयपुर-वाराणसी और स्पाइसजेट की मुंबई-वाराणसी विमान सेवा निरस्त रही। वहीं जी-8, 404 दिल्ली-वाराणसी विमान 40 मिनट, जी-8, 406 बंगलूरू-वाराणसी 1 घंटे 25 मिनट और जी-8, 349 मुंबई-वाराणसी 1 घंटे 37 मिनट की देरी से एयरपोर्ट पर पहुंचा। इसके चलते यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।