वाराणसी। पांडेयपुर स्थित यशोदा नगर काॅलोनी में दहेज हत्या और दुष्कर्म मामले में पति समेत सास-ससुर को कैंट पुलिस ने शनिवार की रात पांडेयपुर से गिरफ्तार किया। कैंट इंस्पेक्टर राजकिशोर पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में पति सौरभ मौर्य, ससुर हीरालाल मौर्य और सास रुक्मिणी है। सभी यशोदा नगर काॅलोनी में रहते हैं। देवर संतोष मौर्य की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी जा रही है।
चौबेपुर के जाल्हूपुर क्षेत्र के निवासी पीड़ित पिता ने शनिवार की रात प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोप लगाया कि दहेज में कार और पांच लाख नकदी की मांग को लेकर प्रताड़ित किया गया। देवर संतोष उर्फ गौतम मौर्य ने उसके संग दुष्कर्म किया। इस दौरान रात में ही रस्सी से बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी गई। इस साल के आठ फरवरी को बेटी की शादी यशोदानगर काॅलोनी निवासी सौरभ मौर्य से हुई थी। डीसीपी वरुणा राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी विवेचना सहायक पुलिस आयुक्त कैंट द्वारा की जा रही है। विवेचना के दौरान सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। वैज्ञानिक और साक्ष्यों के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी होगी।