वाराणसी। पापमोचनी गंगा में प्रदूषण कम करने के लिए गुरुवार को अमर उजाला फाउंडेशन के सहयोग से एक्टिव व्हील संयोजित शुद्ध गंगा अभियान के तहत गंगा दशहरा के स्नान पर्व पर बड़ी पहल की गई। शुद्ध गंगा अभियान के तहत अस्सी से लगे तुलसी घाट और दशाश्वमेध घाट पर स्वयंसेवकों की मदद से स्नान करने वाले श्रद्धालुओं से गंगा में कपड़े न धोने की अपील की गई।
साथ ही इन घाटों पर बने एक्टिव व्हील ‘दमदार सफाई जोन’ में श्रद्धालुओं ने कपड़े धोए। इस दौरान चार हजार से अधिक लोगों ने गंगा को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त रखने के लिए शपथ पत्र भरा। काशी में यह अभियान 30 मई तक चलेगा।
गंगा दशहरा की सुबह अमर उजाला फाउंडेशन के सौ से अधिक स्वयंसेवक घाटों पर स्नानार्थियों से अपील करते नजर आए कि गंगा की पावन धारा में सिर्फ नहाएं। संस्कृति की प्रतीक गंगा में कपड़े धोकर उसे प्रदूषित न करें। इसके लिए स्नानार्थियों से एक्टिव व्हील दमदार सफाई जोन में कपड़ा धोने का आग्रह किया गया।
घाटों पर बने करीब छह-छह सौ स्क्वायर फीट के दमदार सफाई जोन में कपड़े धोने के लिए लोग पहुंच रहे थे। दशाश्वमेध घाट के सफाई जोन में पांच बुजुर्ग महिलाओं ने कपड़े धोकर गंगा को प्रदूषित न करने का संकल्प लिया। इसी तरह तुलसी घाट पर भदैनी के पार्षद गोविंद शर्मा, जय मां गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष पं. बलराम मिश्र ने दमदार सफाई जोन में कपड़े धोने के लिए महिलाओं को प्रेरित करके शुद्ध गंगा अभियान की शुरुआत की।
घाटों पर शपथपत्र भरवाने के लिए महिलाओं, युवक-युवतियों, छात्रों, बुजुर्गों, तीर्थपुरोहितों और मल्लाहों की भीड़ लगी रही। अमर उजाला फाउंडेशन और एक्टिव व्हील की ओर से बने सफाई जोन में कपड़े धोने के लिए पहुंच रही महिलाओं का रजिस्ट्रेशन किया जा रहा था। इसके लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। सफेद टी शर्ट पहने स्वयंसेवक लोगों को गंगा में कपड़े न धोने और गंगा को निर्मल बनाने में योगदान देने के लिए शपथ पत्र भरवा रहे थे।