बलिया के भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा है कि जो सरकारी अधिकारी-कर्मचारी भ्रष्टाचार व कदाचार के माध्यम से धन कमाना चाहते हैं, वे अपना स्थानांतरण यहां से स्वत: करा लें। अन्यथा उन्हें अपमानित करके यहां से भगा दिया जाएगा। श्री सिंह शनिवार को बैरिया में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम छेड़ रखा है। उनके द्वारा भ्रष्ट अधिकारियों को बर्खास्त किया जा रहा है, जबरन सेवानिवृत्ति दी जा रही है।
ऐसे में भ्रष्टाचार के खिलाफ नरम रुख अपनाना कतिपय उचित नहीं है। विधायक ने जनता-जनार्दन से आग्रह किया है कि अगर उनका उचित कार्य किसी भी कार्यालय में अधिकारी-कर्मचारी द्वारा भ्रष्टाचार की नीयत से नहीं हो पा रहा है, तो वह बताएं संबंधित के खिलाफ मैं जरूरी कार्रवाई करूंगा। उन्होंने लोगों से आगामी 12 मई को खपड़िया बाबा के आश्रम में आयोजित होने वाली सामूहिक शादी समारोह में शामिल होने का आग्रह करते हुए कहा कि पंजीकरण शुरू हो चुका है। जिन्हें इसमें भाग लेना है वे निर्धारित त्रपत्र को भरकर मेरे यहां जमा कर दें।
प्रपत्र भी मेरे यहां उपलब्ध है। विधायक ने कहा कि इस बार 250 बेटियों की कन्यादान करने की योजना है। बड़े ही भव्य तरीके से उन बेटियों को उचित सौगात के साथ विदा करूंगा। इसमें विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिजनों से शामिल होने का आग्रह करते हुए कहा कि सरकारी अनुदान के अलावा प्रति जोड़े पर लगभग 30 हजार रुपये मैं खर्च करूंगा। इसके लिए सहयोग करने वाले तैयार हैं।