वाराणसी जिले में चोरों का हौसला इस कदर बुलंद है कि हनुमान मंदिर से घंटा चोरी करने के बाद प्रतिमा खंडित कर दिए। मामले की जानकारी मंगलवार की सुबह लोगों को हुई। जिसके में मौके पर जुटी भीड़ ने नाराजगी जताई।
वाराणसी जिले के सथवां बौली में बने प्राचीन हनुमान मंदिर में स्थापित हनुमान प्रतिमा को अराजकतत्वों ने खंडित कर दिया। जानकारी होते ही ग्रामीण व मंदिर का रख- रखाव करने वाले लोग पहुंच कर हंगामा करने लगे। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया।
विज्ञापन
क्या है मामला
मंदिर की देखभाल करने वाले डॉ. अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार की सुबह चचेरे भाई वीरेंद्र मंदिर के पास खेत में धान रोपाई के लिए गए। जब वे मंदिर के पास पहुंचे तो मंदिर का ताला टूटा था और अंदर पांच फिट गदा धारी हनुमान जी की मूर्ति को मंदिर से बाहर सीढ़ियों पर किसी ने खंडित कर दिया था। वहीं मंदिर का घंटा भी चोरी हो गया था।
सूचना पर पहुंचे एसीपी सारनाथ विनय कुमार द्विवेदी व थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी जांच में जुटे। वहीं एसीपी सारनाथ विनय कुमार द्विवेदी ने बताया कि मूर्ति टूटने जानकारी हुई है। मंदिर की देखभाल करने वाले अरविंद ने तहरीर दिया है। जांच की जा रही है।