गंगा में राजघाट पुल के समीप प्रस्तावित डबल डेकर पुल की डिजाइन में बदलाव किया जाएगा। रेलवे बोर्ड ने निर्माण विभाग द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को पिछले छह माह से रोक रखा है। रेलवे निर्माण विभाग के अधिकारियों के मुताबिक डिजाइन में 110 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार का आकलन कर नए पुल की डिजाइन तैयार कराई गई थी, इसपर आपत्ति के बाद इसे तेज रफ्तार ट्रेनों के हिसाब से तैयार कराया जाएगा।
रेलवे प्रशासन की पुल पर ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने की योजना है। इसपर मालवाहक ट्रेनों के लिए डेडिकेटेड ट्रैक बनना है। इसके अलावा अन्य तीन ट्रैकों से तेज रफ्तार ट्रेनों को गुजरना है, इसको ध्यान में रखकर पुल की डिजाइन तैयार कराई जाएगी। राजघाट से पड़ाव को जोड़ने वाले मालवीय पुल के समानांतर बनने वाले पुल के निचले तल पर ट्रेनों के लिए चार ट्रैक बनेंगे जबकि ऊपरी तल पर छह लेन की सड़क बनेगी। उच्चाधिकारियों और रेलवे की एक्सपर्ट टीम रेलवे ब्रिज निर्माण स्थल का दौरा कर पुल की डिजाइन में बदलाव के प्रस्ताव काे देख चुकी है। जल्द ही रिपोर्ट सौंप दी जाएगी। उत्तर रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक डबल डेकर पुल की डिजाइन पर रिसर्च डिजाइन एंड स्टैंडराइजेशन (आरडीएसओ) से रेलवे पुल निर्माण की डिजाइन पर मंथन चल रहा है।
रेलवे के विकास और ट्रेनों के बढ़ते रफ्तार को ध्यान में रखकर डबल डेकर पुल की डिजाइन में बदलाव किया जाएगा। - एपी सिंह, उप मुख्य अभियंता, निर्माण विभाग उत्तर रेलवे