वाराणसी। ठेकेदार महासंघ गाजीपुर ने पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार अवधेश चंद्र श्रीवास्तव की पत्नी प्रतिभा श्रीवास्तव को एक लाख रुपये की आर्थिक मदद दी। सोमवार को अवधेश की तेरही में विश्वनाथ पुरी कालोनी स्थित आवास पहुंचे संघ के अध्यक्ष प्रमोद सिंह ने उक्त राशि प्रदान की। इस दौरान शहर के ठेकेदारों के अलावा अन्य लोग घर पहुंचे थे। वहीं, श्रद्धांजलि सभा में डा. भूपेंद्र प्रताप सिंह और बृजेश पांडेय की मौजूदगी में ठेकेदारों ने मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। ठेकेदारों ने कहा कि राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल के आश्वासन पर 20 सितंबर तक आंदोलन स्थगित किया गया है। यह मांगें नहीं मानी गईं तो फिर से आंदोलन होगा। अब तक परिवार को 10.32 लाख रुपये की आर्थिक मदद ठेकेदारों ने जुटाकर की है।
ठेकेदार संघ की ओर से सुनील सिंह, उमेश सिंह, मनोज राय, शैलेंद्र सिंह, रामदरेश यादव, माखन सिंह, अजमल, शंकर यादव, अमित सिंह, अमित पांडेय, काशीनाथ सिंह, युवराज, विवेक यादव, गगन सिंह, संतोष गोल्डेन आदि शामिल रहे। बता दें कि 28 अगस्त को ठेकेदार अवधेश ने पीडब्ल्यूडी के चीफ इंजीनियर के कार्यालय में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी।
कांग्रेस नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
वाराणसी। कांग्रेस नेताओं ने भी सोमवार को ठेकेदार अवधेश श्रीवास्तव को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व विधायक अजय राय के नेतृत्व में पहुंचे कांग्रेेसजनों ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान राघवेंद्र चौबे, संजय सिंह डाक्टर, शंभू बाटुल आदि मौजूद रहे।
ये हैं मांगें
घटना के मास्टरमाइंड एसडी मिश्र सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी, ठेकेदार अवधेश के खिलाफ जारी बिजली की आरसी वापस लेने, परिवार को आर्थिक सहायता देने, बकाया बिलों के भुगतान और बेटे को नौकरी दिलाने की मांग की गई।