वाराणसी में कछवा रोड बाजार स्थित यूपी ग्रामीण बड़ौदा बैंक में मंगलवार भोर में चोरों ने सेंध लगाकर चोरी का प्रयास किया। सुबह कर्मचारियों के बैंक पहुंचने पर घटना की जानकारी पाकर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी खंगाला और आसपास इलाकों में कुछ युवकों से पूछताछ की।
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र (कछवा रोड) बाजार में यूपी ग्रामीण बड़ौदा बैंक है। सुबह जब कर्मचारी बैंक पहुंचे तो दीवार से चार ईंट चेन लगाकर निकाल ली गई थीं। यह जानकारी मिलते ही बैंक कर्मियों में हड़कंप मच गया। आशंका जताई गई कि इसी से सेंध लगाकर चोर बैंक के अंदर प्रवेश करने की जुगत में थे।
हालांकि मंसूबे में असफल होने पर चोर भाग निकले। बैंक प्रबंधक भी तत्काल मौके पर पहुंच गए। सूचना पाकर सीओ बड़ागांव जगदीश कालीरमण और मिर्जामुराद थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश मिश्रा ने बैंक के सीसीटीवी फुटेज को खंगालने के साथ ही बैंक परिसर का मुआयना किया। इंस्पेक्टर दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि चार ईट निकाली गई हैं जिसमें घुस पाना असंभव है। बैंक के पिछले हिस्से की दीवार मानक के अनुरूप नहीं मिली।