एटीएम में पैसा डालने वाली कंपनी के दो कर्मचारी अपनी जेब भर रहे थे।
- फोटो : फाइल फोटो
वाराणसी में एटीएम मशीन में कैश लोड करने वाली कंपनी के दो कर्मचारियों ने 6.31 लाख रुपये पर हाथ साफ कर दिया। मामले का खुलासा होने के बाद दोनों फरार हैं। कंपनी की ऑडिट रिपोर्ट में यह चोरी पकड़ी गई है। अब सिगरा थाने की पुलिस आरोपी दोनों कर्मियों की तलाश कर रही है।
सीएमएस इंफोसिस्टम लिमिटेड कंपनी के मैनेजर बृजेश सिंह ने सिगरा थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। बृजेश के अनुसार कंपनी में वाराणसी के सोयेपुर गांव का युवक और प्रतापगढ़ जिले के महिमापुर गांव का युवक बतौर कस्टोडियन काम करते थे। दोनों का मुख्य काम एटीएम में कैश लोड करना था।
दोनों कर्मचारियों ने एटीएम में कैश डालने के दौरान बीती 22 मार्च से 2 अप्रैल के बीच छह लाख इकतीस हजार सात सौ रुपये गायब कर दिए। एटीएम की ऑडिट रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ तो जांच कराई गई। जांच में गड़बड़ी उजागर होने पर सिगरा थाने की पुलिस को कार्रवाई के लिए सूचना दी गई।