गेहूं खरीद योजना में लापरवाही बरतने वाले केंद्रों पर अब शासन व प्रशासन की गाज गिरनी शुरू हो गई है। बुधवार को पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह और एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा ने मरुई स्थित गेहूं क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र पर व्याप्त भारी अव्यवस्था और लापरवाही देख विधायक ने कड़ी नाराजगी जताई और मौके से ही डीएम सत्येंद्र कुमार को फोन कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
विधायक डॉ. अवधेश सिंह जब दोपहर में मरुई केंद्र पहुंचे, तो वहां का नजारा हैरान करने वाला था। सरकारी खरीद का समय होने के बावजूद केंद्र का गोदाम बंद पाया गया और वहां कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था। मौके पर मौजूद दर्जनों किसानों ने विधायक को घेर लिया और अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि यह केंद्र कभी समय पर नहीं खुलता। किसानों ने आरोप लगाया कि उन्हें कई दिनों तक इंतजार कराया जाता है और बिना वजह परेशान किया जा रहा है, जिससे उनकी फसल खराब होने का डर बना हुआ है।
विधायक ने तत्काल जिलाधिकारी से फोन पर बात की। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा किसानों को राहत देने की है न कि उन्हें परेशान करने की। लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। विधायक के सख्त रुख के बाद, जिलाधिकारी के निर्देश पर डिप्टी आरएमओ अरुण त्रिपाठी के नेतृत्व में एक विशेष टीम मरुई पहुंची और केंद्र के अभिलेखों व व्यवस्थाओं की गहन जांच शुरू की। निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि गेहूं खरीद की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए। यदि किसी भी स्तर पर किसानों से अवैध वसूली या उन्हें टालने की शिकायत मिली, तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। इस दौरान राजेश शुक्ला, पवन कुमार सिंह, विपुल मिश्र, राम प्रवेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान और ग्रामीण उपस्थित रहे।