बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने मंगलवार को विश्वविद्यालय के कई संकायों में निर्धारित सेमेस्टर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। कुलपति परीक्षा हॉल में पहुंचे तो कई छात्र-त्राएं हैरान हो गए। बीते 3-4 साल में कोई भी कुलपति परीक्षा हॉल में आते नहीं देखे गए हैं। कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने वाणिज्य संकाय, कृषि विज्ञान संस्थान, पर्यावरण एवं धारणीय विकास संस्थान और मल्टीपरपज हाॅल में चल रही सेमेस्टर परीक्षाओं का जायजा लिया। अधिकारियों से परीक्षा को बेहतर ढंग से कराने की बात कही। वाणिज्य संकाय के ठाकुर रतन पाल सिंह भवन में भ्रमण के दौरान कुलपति प्रो. चतुर्वेदी ने पूछा कि ये भवन कबका बना है, जिसका डीन ने जवाब दिया कि ये 1980 में बना है। यहां पर एमकाॅम और एमबीए की सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही थीं।