बिहार में दबोचा गया चोर, 319 घड़ियां जब्त
शहर के दुर्गाकुंड क्षेत्र में त्रिदेव मंदिर के सामने स्थित शोरूम से एक करोड़ रुपये की घड़ियां चोरी होने के मामले में एक बड़ी कामयाबी पुलिस के हाथ लगी है। बिहार के मोतिहारी जिले से आरोपियों में एक मनोज कुमार को गिरफ्तार कर उसके पास से 319 घड़ियां बरामद कर ली गई हैं। वाराणसी पुलिस की सूचना पर बिहार पुलिस ने यह कार्रवाई की। पकड़े गए आरोपी के तीन साथी फरार बताए गए हैं। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर वाराणसी लाने की तैयारी चल रही है। उसके पास से बरामद घड़ियों की कीमत पचास लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
दुर्गाकुंड क्षेत्र में कैवल्य धाम कॉलोनी निवासी अशोक कुमार तिवारी का त्रिदेव मंदिर के सामने एकेटी इंटरनेशनल नाम का हीलियस घड़ी का शोरूम है। उनके बेटे आकाश कुमार तिवारी इसका संचालन करते हैं। गुरुवार रात चोर शोरूम का शटर चांड़ कर करीब एक करोड़ 30 हजार रुपये मूल्य की कुल 468 घड़ियां चुरा ले गए थे।
छानबीन में पुलिस को पता चला कि बिहार के मोतिहारी जिले के गैंग ने घटना को अंजाम दिया और सुबह बापूधाम एक्सप्रेस से बिहार भाग गए। वाराणसी पुलिस की सूचना पर मोतिहारी पुलिस ने बंजरिया थाना क्षेत्र के सिसवां गांव में दबिश देकर आरोपी मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया।