बीएचयू के महामना हॉल में 11वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में वाइब्रेशनल स्पेक्ट्रोस्कोपी पर सार पत
- फोटो : samvad
वाराणसी। बीएचयू के विज्ञान संस्थान में सोमवार को वाइब्रेशनल स्पेक्ट्रोस्कोपी विषय पर 11वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आईसीओपीवीएस-2026 का शुभारंभ हुआ। भौतिकी विभाग की ओर से आयोजित यह छह दिवसीय सम्मेलन संगोष्ठी संकुल के महामना हॉल में प्रारंभ हुआ। इसका उद्देश्य वैज्ञानिक आदान-प्रदान और व्यावसायिक विकास को बेहतर मंच प्रदान करना है। अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने स्पेक्ट्रोस्कोपी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका ‘स्पेक्ट्रम’ परमाण्विक स्तर से लेकर ब्रह्मांड तक विस्तृत है।
मुख्य अतिथि प्रो. अमित पात्रा, निदेशक आईआईटी-बीएचयू ने हाइपरस्पेक्ट्रल इमेजिंग के समकालीन उपयोगों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस तकनीक से मस्तिष्क की तंत्रिका गतिविधियों, भावनाओं और ड्रोन आधारित कैमरों द्वारा खनिज, वनस्पति और मिट्टी की आर्द्रता का आकलन संभव हुआ है। जर्मनी के कॉन्सट्रक्टर विवि के प्रो. अर्नुल्फ माटरनी ने भी व्याख्यान दिया। उन्होंने रमन और नॉन-लीनियर स्पेक्ट्रोस्कोपी में अपने शोध अनुभव साझा किए। विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. संजय कुमार ने स्पेक्ट्रोस्कोपी के ऐतिहासिक विकास का उल्लेख करते हुए अरस्तु से लेकर आइज़ैक न्यूटन तक की वैज्ञानिक परंपरा को रेखांकित किया। कार्यक्रम में सार-संग्रह पुस्तिका का विमोचन भी हुआ। संवाद
बीएचयू के महामना हॉल में 11वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में वाइब्रेशनल स्पेक्ट्रोस्कोपी पर सार पत- फोटो : samvad