सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत चयनित गांवों में विकास कार्यों को जल्द ही गति मिलेगी। भोपाल में बुधवार को संपन्न दो दिवसीय कार्यशाला में देश भर से जुटे ग्राम प्रधानों को इस योजना के तहत होने वाले विकास कार्यों की जानकारी देने के साथ ही इसका प्रशिक्षण भी दिया गया।
इस कार्यशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गोद लिए गांव जयापुर की प्रधान दुर्गावती देवी सबके आकर्षण का केंद्र रहीं। केंद्रीय कृषि मंत्री चौधरी वीरेंद्र सिंह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में उन्होंने एक साल में सांसद मोदी द्वारा गांव में कराए गए विकास कार्यों का पूरा ब्यौरा पेश किया।
मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसरोवर हाल में अपने 25 मिनट के संबोधन में जयापुर की प्रधान दुर्गावती देवी ने एक-एक कर दस महीने में गांव में कारपोरेट सोशल रिस्पांसबिलिटी (सीएसआर) फंड से हुए विकास के कार्यों की जानकारी दी।
बताया कि बिना एक भी सरकारी पैसा खर्च किए गांव में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा सबकुछ मुहैया हो गया। उन्होंने एक साल में गांव में आए सामाजिक बदलावों की भी चर्चा की और बताया कि अब तो गांव में विकास कराने वालों की होड़ सी लगी हुई है। तमाम योजनाएं पाइप लाइन में हैं।
लैंड बैंक की कमी की वजह दिक्कत भी आ रही है। इस कार्यशाला में सांसद आदर्श ग्राम योजना के भारत सरकार के निदेशक कुशल पाठक ने देश भर से जुटे ग्राम प्रधानों को सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत होने वाले कार्यों की जानकारी भी दी। कार्यशाला में दुर्गावती देवी के प्रतिनिधि नारायण पटेल, मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री थावरचंद गहलोत, सुदर्शन भगत सहित सहित कई मंत्री, विधायक और ग्राम प्रधान मौजूद थे।