मानसून के सीजन में बारिश के बीच बीएचयू अस्पताल में जलभराव की दिक्कत इस बार दूर की जाएगी। सर सुंदरलाल अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में उच्च क्षमता के निकासी पंप लगाकर तालाब में पानी छोड़ा जाएगा। वहीं इन दोनों परिसरों के बीच एंबुलेंस के निर्बाध आवागमन के रास्ते में नालों की सफाई की जा रही है। बारिश के बीच पानी लगने से आपातकालीन इलाज न रुके इसका भी इंतजाम किया जाएगा।
बीएचयू में पंपिंग का काम तीन दिन में शुरू हो जाएगा। अतिरिक्त वर्षा जल को तेजी से निकालकर विश्वविद्यालय परिसर के आंतरिक तालाबों में छोड़ा जाएगा। ट्रॉमा सेंटर से सामने घाट की ओर वाले नाले की सफाई का कार्य जल निगम और वाराणसी नगर निगम की ओर से शुरू कर दिया गया है। विश्वविद्यालय ने नगर निगम और जल निगम के साथ एक समन्वित कार्य-तंत्र स्थापित कर लिया है। पिछले छह जून से अभियान चलाकर वर्षा जल निकासी रास्ते की सफाई, गाद हटाने का काम तेजी से पूरा किया जा रहा है। विश्वविद्यालय का निर्माण विभाग, स्वच्छता एवं सहायता सेवाएं और बागवानी विभाग मिलकर इस काम को अंजाम दे रहे हैं।
अस्पताल और आपातकालीन चिकित्सा मार्ग : सर सुंदरलाल अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर के आसपास उच्च प्राथमिकता के साथ कार्य किया जा रहा है। एंबुलेंस और मरीजों की निर्बाध आवाजाही हो सके। सर सुंदरलाल अस्पताल से लेकर महिला महाविद्यालय और ट्रॉमा सेंटर की ओर जाने वाली सड़क पर निकासी लाइनों की सफाई को प्राथमिकता दी जा रही है।