दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में बीएचयू के कलाकारों ने रामायण के केवट संवाद प्रसंग की रागात्मक प्रस्तुति देकर लोगों को आध्यात्मिक मोह में बांध दिया। सियोल स्थित हानकुक विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में कलाकारों ने भारतीय शास्त्रीय राग सुनाकर रामकथा के केवट प्रसंग को जीवंत कर दिया। हिंदी विभाग और भारतीय अध्ययन विभाग की ओर से अंतर-एशियाई संपर्क : नए परिप्रेक्ष्य विषय पर सियोल में अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी हुई। इसमें बीएचयू के संगीत एवं मंच कला संकाय के प्रो. रामशंकर ने संगीत रामायण और रागों के माध्यम से रामकथा सुनाई। डॉ. कुमार अंबरीष चंचल ने उत्तर भारतीय शास्त्रीय गायन और किराना घराने की गायकी के बारे में बताया। डॉ. मधुमिता भट्टाचार्य ने बनारस की संगीत परंपरा की एक झलक दिखाई। डॉ. राकेश कुमार ने बांसुरी पर शास्त्रीय और उप शास्त्रीय संगीत के समन्वय को बताया। डॉ. चंदन विश्वकर्मा ने तबला और पाश्चात्य तालवाद्यों में लय, ध्वनि और अभिव्यक्ति दिखाई। अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज की डॉ. वेणु वनिता ने भारतीय महिला तबला वादकों के योगदान पर चर्चा की। बेहतर प्रदर्शन के लिए सभी प्रतिभागियों को सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति पुरस्कार से सम्मानित किया गया।