दालमंडी से विश्वनाथ धाम तक पुलिस आयुक्त ने की पैदल गश्त
- बोले- पुलिस कर्मी अतिक्रमण पर विशेष रूप से ध्यान दें, कोई अवैध गतिविधि न होने पाए
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बृहस्पतिवार की रात दालमंडी से लेकर श्री काशी विश्वनाथ धाम तक पैदल गश्त की। उन्होंने मौजूद पुलिस कर्मियों को कहा कि अतिक्रमण पर विशेष रूप से रोजाना ध्यान देकर हटवाएं। कहीं भी किसी तरह की कोई अवैध गतिविधि संचालित न होने पाए।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि वर्ष 2024 की समाप्ति और छुट्टियों के कारण काशी में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ी है। ऐसे में विशेष रूप से यह ध्यान दिया जाए कि विश्वनाथ धाम सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों में आमजन को सुगम दर्शन में दिक्कत न आए। प्रमुख मार्गों और बाजारों में अतिक्रमण और बेतरतीब तरीके से खड़े होने वाले वाहनों की पार्किंग के लिए चेतावनी देकर कार्रवाई की जाए। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सहायता और सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस का विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार हो। पुलिस आयुक्त के निरीक्षण के दौरान डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल और एसीपी दशाश्वमेध प्रज्ञा पाठक के अलावा अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।