आजमगढ़ जिले के चक्रपानपुर बाजार के समीप छह फरवरी की देर शाम पंप के मैनेजर रतन झा की हत्या कर 1.34 लाख रुपये लूटने वाले बदमाशों को पुलिस अब तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस को इस बात का पता चला है कि ऐसी घटनाओं का अंजाम देने वाला छह बदमाशों का गिरोह सक्रिय है।
इनके निशाने पर पूर्वांचल के पेट्रोल पंप हैं। पुलिस की मानें तो इस गिरोह के सदस्य अब तक आजमगढ़ के अलावा गाजीपुर जिले के दुल्हपुर और जौनपुर जिले में स्थित पेट्रोल पंप कर्मियों को लूट चुके हैं। घटनाक्रम पर गौर करें तो बिहार निवासी रतन झा चक्रपानपुर स्थित पेट्रोल पंप पर मैनेजर था।
छह फरवरी की देर शाम रतन अपनी केबिन में बैठा हुआ था। तभी एक बाइक पर सवार दो बदमाश तेल भराने पहुंचे।
गाड़ी में तेल भराने के बाद बदमाश भुगतान के लिए मैनेजर की केबिन में चले गए। इनके पीछे सेल्समैन भी पहुंचा। बदमाश मैनेजर रतन झा को तमंचे से भयभीत कर उसके पास मौजूद 1.34 लाख रुपये ले लिए और चलने लगे।
एक बदमाश गमछे से मुंह बांधा हुआ था। जबकि दूसरा हेलमेट पहना था। रतन झा ने बदमाशों के कृत्य का विरोध करते हुए उन्हें मारने के लिए डंडा उठाया। तभी बदमाशों में से एक ने सिर में सटाकर गोली मारकर हत्या कर दी।
यह पूरा दृश्य पंप में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है। घटना के बाद जांच में जुटी टीम सीसीटीवी कैमरे में कैद फूटेज के जरिए आसपास के जिलों से संपर्क की तो पता चला कि इसी तर्ज पर बदमाशों ने बीते दिनों गाजीपुर जिले के दुल्हपुर और जौनपुर जिले में भी इसी तर्ज पर लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।
घटना के समय किसी स्थान पर इनकी संख्या दो, तो किसी स्थान पर चार या छह सदस्य शामिल रहे हैं। पुलिस के मुताबिक छह सदस्यी इस गिरोह के बदमाश एक जिले में घटना को अंजाम देने के बाद कुछ दिन के लिए भूमिगत हो जाते हैं।
माहौल ठंडा हो जाने के बाद दूसरे जिले में जाकर पंपों की रैकी करते हैं। बाद में योजनाबद्ध तरीके से घटनाओं को अंजाम देते हैं।