काफी हो हल्ला के बाद जल निगम ने शुरू कर दी सड़क की खोदाई
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। दो विभागों की लड़ाई का दंश भोजूबीर से सिंधोरा मार्ग की जनता झेल रही है। यहां पर आए दिन जलभराव की समस्या आ रही है। कई विभागाें के अधिकारियों ने निरीक्षण किया। पता चला कि सीवर लाइन तो डाल दी गई, लेकिन इनका कनेक्शन जल निगम ने नहीं किया। इस बीच सड़क का निर्माण भी पूरा करा दिया गया। काफी हो हल्ला के बाद प्रस्ताव तो तैयार हो गया है, लेकिन अभी राहत नहीं मिली है।
भोजूबीर से सिंधोरा मार्ग पर पिछले दिनों पीडब्ल्यूडी ने सड़क का निर्माण कराया था। उस दौरान सीवर का कनेक्शन जल निगम ने नहीं किया। अब जब सड़क बन गई तब तकरीबन 45 जगहों पर सड़कों को काट दिया गया है। इससे चलते यहां के लोग न केवल सीवर की समस्या झेल रहे हैं बल्कि खस्ताहाल सड़क की समस्या भी अब झेलेंगे।
क्षेत्र के राधेश्याम सिंह ने कहा कि यहां सीवर लाइन जब डाली जा रही थी उसी दौरान हम लोगों ने कनेक्शन करने की बात कही थी। लेकिन, उस समय किसी अधिकारी ने ध्यान नहीं दिया। अंजनी राय ने कहा कि कई विभाग के अधिकारी आए और निरीक्षण करके चले गए। लेकिन समस्या जस की तस है। आए दिन यहां पर सीवर ओवरफ्लो की समस्या रही है। पिछले दिनों धरना प्रदर्शन भी किया गया था। अब कनेक्शन के लिए बनी बनाई सड़क को खोदा जा रहा है।
उधर, लंका से रविदास गेट के पास सीवर ओवरफ्लो, यहां कुछ दुकानदारों का सीवर यहां सड़क पर बह रहा है। बीएचयू गेट के पास भी सीवर ओवरफ्लो की समस्या है। जिसके चलते सड़कें खराब हो रही है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों के पास पत्र भेजा है। साथ ही अपने अपने विभाग का काम खत्म करने की जानकारी भी मांगी है।
कोट्स
जी20 के दौरान सड़क का निर्माण कराया गया था। इधर बीच जल निगम ने सीवर कनेक्शन करने का काम शुरू किया है। इसके लिए उन्होंने हाल ही बनाई गई सड़क की खोदाई शुरू कर दी है। जब ये पूरा काम खत्म कर लेंगे। इसके बाद सड़क का निर्माण पुन: कराया जाएगा। - केके सिंह, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी