उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की प्रवर/अवर अधीनस्थ चयन सेवा प्रारंभिक परीक्षा (पीसीएस-प्री) का प्रश्नपत्र लीक होने का आरोप लगाते हुए परीक्षार्थियों ने शिवपुर के एक केंद्र पर हंगामा खड़ा कर दिया।
अभ्यर्थी परीक्षा निरस्त करने की मांग कर रहे थे। उनका आरोप था कि कई छात्रों को सील टूटी प्रश्न पुस्तिकाएं दी गईं। वहीं उत्तर पुस्तिकाओं का पैकेट भी सीलबंद नहीं था। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने उन्हें समझाबुझाकर शांत कराया। शिवपुर स्थित एचसीपी हायर सेकेंडरी स्कूल पर 500 परीक्षार्थियों का केंद्र बनाया गया था।
इनमें से करीब साढ़े तीन सौ अभ्यर्थी परीक्षा देने आए। सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक की पहली पाली में प्रथम प्रश्नपत्र (सामान्य अध्ययन) की परीक्षा खत्म होने के बाद बाहर निकले तो दो छात्रों ने क्वेश्चन बुकलेट की सील टूटी होने की शिकायत की। उसके बाद तो हंगामा ही खड़ा हो गया।
अभ्यर्थी आयोग के खिलाफ नारेबाजी करने लगे और परीक्षा निरस्त करने पर अड़ गए। घटना की सूचना मिलने पर एडीएम सिटी विंध्यवासिनी राय, एसपी सिटी सुधाकर यादव और सीओ कैंट विनोद कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने छात्रों को समझाबुझाकर शांत कराया। उसके बाद दूसरी पाली की परीक्षा शुरू हुई। गोरखपुर के अश्विनी और बलिया के रविकांत पांडेय का कहना था कि जो बुकलेट दी गई, उसकी सील टूटी हुई थी। इसकी शिकायत करने पर कक्ष निरीक्षक ने डांट कर चुप करा दिया।
वहीं सुभाष सिंह, रामदीन पाल, संजय सिंह, अजीत कुमार, अनीता, वंदना का आरोप है कि क्वेश्चन पेपर और आंसर शीट की सील खुली हुई थी। एडीएम सिटी ने बताया कि छात्रों से लिखित शिकायत ले ली गई है, जिसे आयोग को भेज दिया जाएगा। दो छात्रों ने सील खुलने और एक ने स्टीकर नहीं लगे होने की शिकायत की है। जिले में 88 केंद्रों पर परीक्षा में करीब 43 हजार परीक्षार्थी शामिल हुए।
किसी अन्य सेंटर से सील टूटने या अनियमितता की सूचना नहीं मिली है। उधर, पीसीएस-प्री परीक्षा रद्द होने के विरोध में एबीवीपी काशी प्रांत के कार्यकर्ताओं ने राजातालाब पर प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। परिषद के विभाग प्रमुख विनय पांडेय ने मुख्यमंत्री से आयोग के अध्यक्ष को तत्काल पद से हटाने की मांग की है। वहीं, शहर के एक केंद्र पर परीक्षा देने पहंुचे एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष अमित राय ने भी पर्चा लीक होने का आरोप लगाया।