चंदौली में खेली जा रही सीबीएसई नेशनल हैंडबॉल चैंपियनशिप में पहले लीग मुकाबले में वाराणसी पब्लिक स्कूल और कल्याणी पब्लिक स्कूल, पुणे के बीच मैच हुआ। दोनों टीमों ने पूरे खेल के दौरान शानदार रणनीति और तेजी का प्रदर्शन किया। निर्धारित समय तक मैच 8-8 की बराबरी पर समाप्त हुआ। वाराणसी पब्लिक स्कूल की ओर से गोलकीपर शिवानी कुमारी ने कई मौकों पर विपक्षी खिलाड़ियों के गोल रोके। वहीं, कप्तान साक्षी यादव ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में इनमें मध्य प्रदेश, ओडिशा, दिल्ली, जयपुर, पटना, हाथरस, गाजियाबाद, सदर कैंट, चेन्नई, तुमकुरु, बिहार, बंगलूरू और भटिंडा की टीमें शामिल हैं। इसमें ओमान, अबू धाबी और शारजाह से भी कुल नौ अंतरराष्ट्रीय टीमें हिस्सा ले रही हैं। वाराणसी पब्लिक स्कूल के निदेशक अमित पांडेय ने कहा कि टीम ने पहले ही मुकाबले में जो साहस और समर्पण दिखाया है, वह आने वाले मैचों के लिए उम्मीद जगाने वाला है। टीम आगे भी बेहतर प्रदर्शन करेगी।