अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को योग का मुख्य कार्यक्रम बनारस क्लब में आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन, आयुष विभाग एवं नेहरू युवा केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। नगर के अलावा गांवों में होने वाले योग कार्यक्रमों की भी जिला प्रशासन ने रूपरेखा बनाई है।
मुख्य विकास अधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में भी योग अभ्यास सत्र चलाया जाएगा। इसमें ग्राम प्रधान, सचिव, नेहरू युवा केंद्र, युवा कल्याण विभाग केंद्र आशा एवं आंगनबाड़ी भी शामिल होंगी। योग सत्र का अभ्यास आयुष विभाग से निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार योग वेलनेस सेंटर में कार्यरत योग प्रशिक्षक कराएंगे। उत्तर प्रदेश राज्य आयुष सोसाइटी की ओर से प्रदेश में आयुष कवच एप के जरिए योग वीडियो प्रतियोगिता, योग कला प्रतियोगिता और योग क्विज सहित तीन प्रकार की योग प्रतियोगिताएं भी आयोजित कराई जाएंगी। आयुष कवच एप और उत्तर प्रदेश राज्य आयुष सोसाइटी के फेसबुक पेज पर सुबह सात बजे से कॉमन योग प्रोटोकॉल का सजीव प्रसारण किया जाएगा।