बनारस स्टेशन से चलेंगी तीन ट्रेनें, यात्रियों को राहत
पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम आशीष जैन ने बताया कि बनारस रेलवे स्टेशन से बहुत जल्द ही तीन और ट्रेनों का संचालन शुरू होने वाला है। ये ट्रेनें अभी उत्तर रेलवे के वाराणसी रेलवे स्टेशन से संचालित हो रही हैं। डीआरएम ने कहा कि इन तीनों ट्रेनों के शिफ्ट होने के बाद बनारस से राजगीर, बनारस से गांधीधाम गुजरात और बनारस से मुंबई तक का सफर आसान हो जाएगा। इसके अलावा बनारस रेलवे स्टेशन पर एक नई रेल लाइन भी बिछाई जाएगी, जिससे कि अधिक से अधिक ट्रेनों के संचालन में कोई असुविधा न हो। यहां फुटओवर ब्रिज बनाने की दिशा में भी कार्रवाई चल रही है।