बीएचयू में 24 घंटे साइबर लाइब्रेरी खोले जाने की मांग कर रहे बीएचयू के नौ छात्रों के निलंबन का मुद्दा गुरुवार को राज्यसभा में गूंजा। जदयू के राज्यसभा सदस्य अली अनवर ने आरोप लगाया कि बीएचयू ही नहीं सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों के कुलपति केंद्र सरकार व भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं।
अली अनवर ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री डिजिटल इंडिया का नारा दे रहे हैं, दूसरी तरफ बीएचयू में डिजिटल लाइब्रेरी को 24 घंटे खोलने की मांग करने पर छात्रों को निलंबित कर दिया जाता है। यह दोहरी नीति है। कहा कि साइबर लाइब्रेरी 24 घंटे नहीं खोली जा सकती लेकिन शॉपिंग माल 24 घंटे खोलने की इजाजत दी गई है। इस दौरान उन्होंने बीएचयू का प्रॉस्पेक्टस भी पढ़कर सुनाया, जिसमें 24 घंटे लाइब्रेरी खोलने व रात दस से सुबह पांच बजे तक छात्राओं को हॉस्टल तक छोड़ने की बात थी।
मामले में छात्रों का एक प्रतिनिधिमंडल अनवर अली से मिला था और राज्यसभा में मुद्दा उठाने की बात कही थी। छात्रों का यही प्रतिनिधिमंडल लोकसभा में नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा क्षेत्र हिंगोली से कांग्रेस सांसद राजीव सातव से भी मिला था। उन्होंने भी इस मुद्दे को लोकसभा में उठाने का आश्वासन दिया।