मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में शुक्रवार को डीआरएम आशीष जैन की अध्यक्षता में एनई रेलवे मेंस कांग्रेस यूनियन के पदाधिकारियों की बैठक हुई। कर्मचारियों के कामकाज, सुविधाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठा। वर्कलोड के आधार पर कामकाज के घंटों का निर्धारण करने के साथ ही चिकित्सा सुविधा सहित अन्य सुविधाओं को दिलवाने की मांग रखी। एनई रेलवे मेंस कांग्रेस के केंद्रीय अध्यक्ष अखिलेश पांडेय ने अधिकारियों से समाधान की बात कही। मंडल मंत्री राकेश पाल ने रेलवे की प्रगति में रेलकर्मियों के पूर्ण सहयोग की प्रतिबद्धता को दोहराया।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने समस्याओं को सुनने के बाद कहा कि रेलपथ के दोहरीकरण और विद्युतीकरण का कार्य तेजी से चलने के साथ ही यात्री यातायात और आय के साथ ही माल परिवहन और आय में निरंतर वृद्धि हो रही है। जनसंपर्क अधिकारी वाराणसी अशोक कुमार ने बताया कि बैठक के पहले दिन वाणिज्य, विद्युत, परिचालन, कार्मिक, इंजीनियरिंग, यांत्रिक, सिग्नल और दूरसंचार विभाग के मुद्दों पर चर्चा के साथ ही समाधान का भी प्रयास किया गया। 20 दिसंबर को अन्य मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। स्वागत वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने किया।