पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी सिटी, मऊ तथा आजमगढ़ रेलवे स्टेशनों को आधार बनाकर मंगलवार को वाराणसी-मऊ-आजमगढ़ रेल खंड पर सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान कुल 676 यात्रियों जिनमें से 246 यात्रियों को बिना टिकट, 368 यात्रियों को अनियमित टिकट के साथ तथा 62 यात्रियों को बिना बुक किए गए सामान के साथ पकड़ा गया। इनसे रेल राजस्व जुर्माने के रूप में लगभग 2 लाख 42 हजार 115 रुपये वसूले गए।
इस दौरान प्लेटफार्म पर गंदगी फैलाने वाले यात्रियों को भी चेतावनी दी गई। सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक एके उपाध्याय के नेतृत्व में अभियान शाम तक चला। जांच दल में वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक प्रतीक सिंह, सहायक परिचालन प्रबंधक एचपी सिंह व वाराणसी मंडल के 21 टिकट जांच कर्मचारी, 18 रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई।
अभियान के दौरान वाराणसी मंडल में चलने वाली गाड़ियों जैसे दादर एक्सप्रेस, कृषक एक्सप्रेस, लिक्ष्वी एक्सप्रेस, ताप्तीगंगा एक्सप्रेस, ग्वालियर एक्सप्रेस, कुशिनगर एक्सप्रेस सहित कई गाड़ियों में गहन जांच की गई।