वाराणसी। केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि काशी-तमिल संगमम दो संस्कृतियों का मिलन है। काशी दुनिया के उन चुनिंदा शहरों में से एक है, जिसका महत्व हजार साल पहले जैसा था, आज भी वैसा ही है।
नमो घाट पर काशी तमिल संगमम के तहत आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि एक भारत, श्रेष्ठ भारत की संकल्पना के साथ राष्ट्रीयता को एक सूत्र में पिरोने के लिए पीएम के मार्गदर्शन में कई कदम उठाए गए हैं। काशी तमिल संगमम भी इसी कड़ी का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि एक ओर काशी और दूसरी ओर कांची यानी तमिल क्षेत्र आज भी भारत के लिए सांस्कृतिक दुर्ग का कार्य कर रहे हैं। उत्तर भारत आक्रांताओं के कारण अपनी संस्कृति को उस रूप में सहेज नहीं पाया, जिस रूप में दक्षिण भारतीयों ने अपनी संस्कृति को सहेजा।
संगमम के तृतीय शैक्षणिक सत्र में मुख्य अतिथि और प्रमुख वक्ता काशी के विद्वान डॉ. वेंकटरमन घनपाठी, काशी विश्वनाथ मंदिर के अर्चक पं. श्रीकांत शर्मा और डॉ. हृदय रंजन शर्मा ने मंदिर और संस्कृतियों से जुड़ी कई अहम जानकारियां दीं। श्रीकांत शर्मा ने कहा कि काशी की पुरातनता को बिगाड़े बिना नए कलेवर में सजाया-संवारा जा सकता है। काशी-तमिल संगमम इसका दैदीप्यमान उदाहरण है। उधर, काशी-तमिल संगमम के मेहमान रविवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने अयोध्या स्थित रामजन्म भूमि में दर्शन-पूजन कर वहां बन रहे भव्य राम मंदिर को देखा। उन्होंने कहा कि अयोध्या की भव्यता और दिव्यता काफी बढ़ गई। इसके बाद उन्होंने हनुमान गढ़ी पहुंचकर दर्शन-पूजन किया।
नमोघाट पर चल रही काशी-तमिल संगमम की अनोखी पाठशाला
नेशनल बुक ट्रस्ट की ओर से नमो घाट पर अनोखी पाठशाला चल रही है। इसमें विभिन्न स्कूलों के बच्चों को तमिल भाषा सिखाई जा रही है। ट्रस्ट ने कई पुस्तकें तैयार कराई है। नमो घाट पर सुबह अलग-अलग विद्यालय के बच्चे पहुंचते हैं, जहां नेशनल बुक ट्रस्ट के विशेषज्ञ उन्हें तमिल भाषा बोलने की जानकारी देते हैं। पाठशाला में गणित, विज्ञान, कॉमर्स ही नहीं बल्कि दोनों राज्यों की कला, संस्कृति, अध्यात्म व महापुरुषों के बारे में शिक्षा दी जाती है।
जौनपुर के विद्यार्थियों ने प्रश्नोत्तरी में दिखाई प्रतिभा
नमोघाट पर आयोजित काशी-तमिल संगमम में केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, लखनऊ की ओर से आयोजित फोटो प्रदर्शनी का विद्यार्थियों, महिलाओं, वरिष्ठजनों ने अवलोकन किया। वाराणसी के विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शनी देखी। कंपोजिट विद्यालय, सेहमलपुर जौनपुर से आए विद्यार्थियों के बीच हुई प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में अंबिका यादव, आंचल यादव, साक्षी, रिया और कसक सिंह ने सही उत्तर दिए।
काशी के ‘मिनी तमिलनाडु’ का भ्रमण कर हुए उत्साहित
काशी तमिल संगमम में तमिलनाडु से आए सांस्कृतिक समूह ने रविवार को हनुमान घाट पर गंगा स्नान कर सुख समृद्धि की कामना की। इसके बाद वे हनुमान घाट स्थित सुब्रह्मण्यम भारती के घर गए और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। काशी में दक्षिण भारतीय मंदिर को देखकर सांस्कृतिक दल उत्साहित दिखा।