वाराणसी। एक तरफ कोरोना का कहर दूसरी ओर सूर्य के तेवर ने लोगों को घरों में रहने को मजबूर कर दिया है। सुबह 11 से शाम चार बजे तक चिलचिलाती धूप और गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। मंगलवार को भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। दोपहर में सड़कें सुनसान रहीं। आम दिनों की अपेक्षा सड़कों और बाजारों में कुछ ही लोग दिखे। जरूरी काम से बाहर निकले कुछ लोग गमछा, टोपी, छाता और चश्मा लगाए रहे। वहीं, कुछ लोग लस्सी, पन्ना, सत्तू और कोल्डड्रिंक का सेवन करते दिखे। मंगलवार दोपहर शहर का तापमान अधिकतम 40 डिग्री दर्ज किया गया। देर शाम सड़कों पर चहल पहल दिखी। लोग सब्जियों, फलों और राशन की दुकानों पर खरीदारी करते दिखे। बीएचयू के भू-भौतिकीय विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. राजीव भाटला के अनुसार, पश्चिमी हवाओं की वजह से तापमान में वृद्धि हुई है। यह अभी ऐसी ही रहेगी। आने वाले दिनों में पूर्वी हवाओं के चलने पर नमी और आंधी आएगी। तब गर्मी से राहत मिल सकेगी।