काशी तमिल संगमम का चतुर्थ समूह रविवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचा। श्रद्धालुओं के आगमन पर काशी विश्वनाथ मंदिर के शास्त्रियों ने पुष्पवर्षा और वेदध्वनि के साथ सभी अतिथियों का स्वागत किया। अथितियो ने हर हर भोले नमः शिवाय... भजन के साथ श्री विश्वेश्वर के चरणों में अपनी श्रद्धा व्यक्त की। सदस्यों को मंदिर प्रशासन द्वारा काशी विश्वनाथ धाम के कॉरिडोर का विस्तृत भ्रमण करवाया गया। भ्रमण के दौरान सभी ने धाम के ऐतिहासिक स्वरूप, स्थापत्य कला, नवनिर्मित सुविधाओं और निरंतर बढ़ती श्रद्धा-धारा के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद सभी ने मां गंगा के दर्शन करने के साथ ही पूजन भी किया। भ्रमण पूर्ण होने पर सभी अतिथियों के लिए मंदिर के अन्नक्षेत्र में दोपहर के भोजन की व्यवस्था की गई। अन्नक्षेत्र में परोसे गए प्रसाद ने सभी को काशी की सेवा-परंपरा और अतिथि-भावना अनुभव कराया।