गहमागहमी के बीच तीसरे चरण के पंचायत चुनाव के लिए मंगलवार को जिला पंचायत सदस्य और बीडीसी के लिए कुल 1408 नामांकन हुए। कलेक्ट्रेट के एडीएम प्रशासन कोर्ट में जिला पंचायत सदस्य के लिए चोलापुर ब्लॉक से 69 और चिरईगांव से 87 पर्चे दाखिल हुए।
इसी प्रकार बीडीसी के लिए चोलापुर में 462 और चिरईगांव में 790 नामांकन हुए। उधर, दूसरे चरण के चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच हुई और चुनाव चिह्न आवंटित किया गया। किसी को बैट बल्ला तो किसी को आलू टमाटर चुनाव चिह्न के रूप में मिला है।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजाराम वर्मा ने बताया कि दूसरे चरण के पंचायत चुनाव के लिए हुए नामांकन पत्रों की जांच में जिला पंचायत सदस्य और बीडीसी के कुल 75 पर्चे खारिज हुए। जिला पंचायत सदस्य के लिए पिंडरा से कुल 92 नामांकन हुए थे।
इनमें से 5 पर्चे खारिज होने के बाद मैदान में अब 87 प्रत्याशी बचे हैं। इसी प्रकार हरहुआ से 120 नामांकन हुए। इनमें से 6 पर्चे खारिज होने के बाद मैदान में 114 प्रत्याशी हैं। बीडीसी के लिए पिंडरा से 677 नामांकन दाखिल हुए थे। 34 खारिज होने के बाद 643 प्रत्याशी बचे हैं। इनमें से तीन प्रत्याशी निर्विरोध घोषित हो गए। इसी प्रकार हरहुआ से 698 नामांकन हुए थे। 30 खारिज होने के बाद 668 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें से एक निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।